![]()
हापुड़ के धौलाना थाना क्षेत्र के ककराना गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब गांव के जंगल में एक पीपल के पेड़ पर एक युवक का शव लटका मिला। शव से तेज दुर्गंध आने के बाद आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई। सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। जानकारी के अनुसार, गांव ककराना निवासी विजय कुमार, जो थाने में चौकीदार का कार्य करता है, खेत की ओर गया था। इसी दौरान उसकी नजर पीपल के पेड़ पर लटके शव पर पड़ी। उसने तुरंत गांव वालों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने शव की पहचान गांव निवासी कृष्णपाल पुत्र चंद्रपाल (26 वर्ष) के रूप में की। बताया गया कि कृष्णपाल नशे का आदी था और घर में पैसों को लेकर अक्सर माता-पिता से विवाद करता रहता था। वह करीब छह-सात दिन से घर से लापता था। परिजनों ने बताया कि कृष्णपाल पहले भी नाराज होकर घर छोड़कर चला जाता था, लेकिन कुछ दिनों बाद वापस लौट आता था। इस बार भी परिवार को उसके लौटने की उम्मीद थी, लेकिन उसकी मौत की खबर ने उन्हें सदमे में डाल दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाया और पंचनामा भरने की कार्रवाई की। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद शव उन्हें सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source link
हापुड़ में पेड़ से लटका मिला युवक का शव:पारिवारिक विवाद के कारण 6 दिन से था लापता