हापुड़ में डेयरी गोदाम में लगी आग:ढाई लाख का हुआ नुकसान, लोगों ने मिलकर आग पर पाया काबू


हापुड़ के पिलखुवा क्षेत्र स्थित शमशाद रोड पर शुक्रवार को एक डेयरी गोदाम में आग लग गई। इस घटना में करीब ढाई लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। जानकारी के अनुसार, शमशाद रोड पर स्थित एसके ट्रेडर्स नामक गोदाम में अज्ञात कारणों से आग लगी। गोदाम में डेयरी से संबंधित सामान रखा हुआ था। घटना के समय गोदाम में कोई मौजूद नहीं था, क्योंकि सभी लोग नमाज अदा करने गए हुए थे। इसी दौरान गोदाम से धुआं उठता देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बिना देर किए आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। लोगों ने एकजुटता का परिचय देते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो आग और भी विकराल रूप ले सकती थी। आग की चपेट में आकर गोदाम में रखे कैरेट, दूध, विद्युत उपकरण और फर्नीचर सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया। इस घटना से गोदाम संचालक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। स्थानीय लोग शॉर्ट सर्किट की आशंका जता रहे हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *