हाईमास्ट लाइट लगाते समय हेल्पर की करंट से मौत:मुजफ्फरनगर में परिजनों ने मुआवजे और नौकरी की मांग को लेकर किया सड़क जाम


मुजफ्फरनगर में भोपा रोड पर हाईमास्ट लाइट लगाते समय करंट लगने से हेल्पर की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना सोमवार शाम को शांतिनगर गेट नंबर पर हुई। नगर पालिका परिषद द्वारा ठेके पर हाईमास्ट लाइटें लगाई जा रही थीं। ठेकेदार पवन अरोरा की टीम सोमवार शाम करीब 5 बजे हाईड्रा की मदद से लाइट लगा रही थी। इसी दौरान हाईमास्ट लाइट का खंभा ऊपर से गुजर रही एचटी (हाई टेंशन) लाइन से टकरा गया। करंट की चपेट में आने से मुस्तफाबाद पचेंडा निवासी बंटी पुत्र हरिओम की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में उसका एक साथी भी चोटिल हुआ। घटना के तुरंत बाद ठेकेदार मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बंटी के शव को भोपा रोड पर रखकर जाम लगा दिया और हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने 20 लाख रुपये मुआवजे और परिवार के एक आश्रित को सरकारी नौकरी देने की मांग की। जाम और हंगामे की सूचना पर नई मंडी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने मुआवजा और सरकारी नौकरी के आश्वासन से पहले जाम खोलने से इनकार कर दिया। हादसे की जानकारी मिलने पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राकेश शर्मा भी मौके पर पहुंचे। सीओ नई मंडी सुनील कुमार और थाना सिविल लाइन के प्रभारी निरीक्षक इंद्रजीत सिंह भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर मौजूद रहे। तीन माह पहले हुई थी शादी, 15 दिन पहले शुरू की थी नौकरी

हादसे का शिकार हुए बंटी की तीन माह पहले ही गांव ताजपुर निवासी सोनिया के साथ शादी हुई थी। भाई दीपक ने बताया कि बंटी पहले हाईड्रा पर मजदूरी करता था। हाईमास्ट लगाने वाले ठेकेदार के यहां उसने 15 दिन पहले ही नौकरी शुरू की थी। बताया कि चार भाई-बहनों में बंटी सबसे छोटा था। बताया कि उसके पिता की भी पांच वर्ष पहले मौत हो चुकी है।।

मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाएगा नगर पालिका से ठेका लेकर हाईमास्ट लाइट लगाने का काम करने वाले ठेकेदार पवन आरोरा ने बताया कि उन्हें हादसे की जानकारी है। वह शीघ्र ही मौके पर पहुंच रहे हैं। मृतक के परिजनों की ओर से क्या मांग की जा रही है। उन्हें जानकारी नहीं है, लेकिन परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाएगा।

हाईमास्ट लाइट का खंभा खड़ा करते नहीं लिया था शटडाउन

ऊर्जा निगम के मुख्य अभियंता विनोद कुमार गुप्ता का कहना है कि उनकी जानकारी में आया है कि भोपा रोड के समीप हाईमास्ट लाइट लगाई जा रही थी। लेकिन ठेकेदार की ओर से बिना शटडाउन लिए ही कार्य किया जा रहा था। जानकारी में आया है कि जहां लाइट लगाई जा रही थी। उसके समीप से ही 11 हजार की एचटी लाइन जा रही थी। लाइन से हाईड्रा टकराने के बाद हादसा हुआ।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *