हांसी पुलिस ने पकड़ा यूपी का गोवंश तस्कर:पांच साल से चल रहा फरार, बरवाला बाइपास पर पकड़ा था ट्रक


हांसी शहर थाना पुलिस ने वर्ष 2020 के गोवंश तस्करी मामले में करीब पांच साल से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मोहम्मद शोएब निवासी गांव जोली, थाना भोपा, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। जांच अधिकारी उपनिरीक्षक मुनीश ने बताया कि यह मामला वर्ष 2020 में हरियाणा गोवंश संरक्षण एवं गोसंवर्धन अधिनियम-2015 तथा पशु क्रूरता अधिनियम के तहत दर्ज किया गया था। उस समय बरवाला बाइपास स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर गोरक्षक दल से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने गोवंश से भरे एक ट्रक को रोकने का प्रयास किया था। हालांकि, ट्रक ड्राइवर और उसका साथी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें बड़ी संख्या में गोवंश को क्रूरतापूर्वक भरा हुआ पाया गया। इसके बाद सभी गोवंश को सुरक्षित मुक्त कराया गया और ट्रक को कब्जे में लेकर मामला दर्ज किया गया था। एक आरोपी पहले से ही पकड़ा जा चुका जांच के दौरान पुलिस ने वाहन मालिक सहित अन्य आरोपियों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की थी। इस मामले में एक आरोपी पहले से ही न्यायिक हिरासत में है, जबकि मोहम्मद शोएब की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे, जो तब से फरार चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी मोहम्मद शोएब को अदालत के आदेशानुसार जांच में शामिल किया गया। पूछताछ के दौरान उससे मामले के संबंध में विस्तृत जानकारी ली गई तथा उसकी निशानदेही पर घटनास्थल की तस्दीक कराई गई। इसके उपरांत, पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगामी कानूनी कार्रवाई पूरी की।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *