![]()
प्रयागराज के श्री महाप्रभु पब्लिक स्कूल नारायण आश्रम परिसर में बुधवार को पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। वन महोत्सव-2026 के तहत ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान चलाया गया, जिसका उद्देश्य विद्यालय परिसर को हरा-भरा करना और विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति प्रेम व सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना जगाना था। यह अभियान वाटर हीरो रामबाबू तिवारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इसमें कक्षा 3 से 8 तक के नन्हे विद्यार्थियों ने अपनी माताओं के सम्मान में विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए। इस अवसर पर शिक्षा-संस्कृति उत्थान न्यास के प्रांत अध्यक्ष मेजर हर्ष कुमार और कृषि वैज्ञानिक प्रोफेसर अमिताभ सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों के प्रयासों की सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि विद्यार्थियों का संकल्प रहा। बच्चों ने अशोक, मोरपंखी, गुड़हल और औषधीय पौधे लगाने के साथ-साथ उन्हें गोद लेकर नियमित देखभाल का वचन भी दिया। उनके इस समर्पण को देखते हुए विद्यालय प्रबंधन ने सभी प्रतिभागियों को ‘हरियाली एम्बेसडर’ की उपाधि से सम्मानित किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. रविन्दर पाल कौर बिरदी ने इस पहल को मातृ शक्ति के प्रति कृतज्ञता और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि ये ‘हरियाली एम्बेसडर’ जो बीज बो रहे हैं, वे भविष्य में एक स्वस्थ और स्वच्छ पर्यावरण की नींव बनेंगे। कार्यक्रम के समापन पर, उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों और एनसीसी कैडेट्स ने सामूहिक रूप से हरित पृथ्वी और स्वस्थ भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया।
Source link
हरियाली एम्बेसडर बनकर बच्चों ने की पर्यावरण संरक्षण की पहल:स्कूल परिसर में किया गया भव्य पौधरोपण