हनुमंत विहार में फायरिंग, सगे भाई बाल-बाल बचे:नशेबाजी को लेकर दो पक्षों में झगड़ा, महिलाओं ने लाठी-पत्थर से किया हमला, VIDEO


हनुमंत विहार थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात फायरिंग और दो पक्षों में जमकर मारपीट की दो घटनाएं सामने आई। नारायणपुरी इलाके में पुरानी रंजिश में दबंगों ने दो सगे भाइयों पर फायरिंग कर दी, जिसमें वह बाल–बाल बच गए। फायरिंग की आवाज से इलाके में हड़कंप मच गया। इलाकाई लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां पुलिस को खाली खोखे बरामद हुए। पुलिस ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले। वहीं दूसरी घटना बाबा नगर इलाके में हुई, जहां नशेबाजी को लेकर दो पड़ोसी परिवारों के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया, जिससे चार लोग घायल हो गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुरानी रंजिश में की फायरिंग पीड़ित आशीष यादव का आरोप है कि कुछ दिन पहले हुए उनका इलाके में रहने वाले कुछ युवकों से विवाद हो गया था। जिसमें आरोपियों ने उसका हाथ तोड़ दिया था। इस मामले की शिकायत उन्होंने डीसीपी साउथ से भी की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आशीष का आरोप है कि शुक्रवार रात वह अपने भाई के साथ था। तभी अमन यादव, सतीश यादव, सागर यादव, साहिल यादव, प्रतीक यादव समेत अन्य लोगों ने देसी कट्टे से उन पर फायरिंग कर दी, हालांकि दोनों किसी तरह बच निकले। सूचना पर पहुंची हनुमंत विहार पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की तलाश में टीम वहीं दूसरी घटना बाबा नगर इलाके की है, जहां शीतल कोरी और मनोज यादव के परिवारों के बीच नशेबाजी को लेकर विवाद हुआ था। दोनों पक्ष के संदीप और दीपक के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों की ओर से महिलाएं और पुरुष भी आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों व पत्थरों से हमला करने लगे। घटना में दोनों पक्ष के चार लोग घायल हुए हैं, जिनका मेडिकल कराया गया है। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार घटना 31 जुलाई की रात करीब नौ बजे की है। हनुमंत विहार चौकी प्रभारी आविसार सिंह ने बताया कि विवाद नशेबाजी को लेकर हुआ था। थानाध्यक्ष ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। वायरल फुटेज को संज्ञान में लेकर कार्रवाई की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *