![]()
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर 21 जून को कानपुर में व्यापक स्तर पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम सुबह 6 बजे ग्रीन पार्क स्टेडियम में होगा, जिसमें उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री राकेश सचान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक सामूहिक योगाभ्यास करेंगे। ग्रीन पार्क में तैयारियों की समीक्षा
योग दिवस की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने शनिवार को सरसैया घाट पर समीक्षा बैठक की। उन्होंने संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ आयु के लिए योग’ है। योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली का आधार है।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए योग दिवस को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए।
पेयजल, पार्किंग और सुरक्षा पर रहेगा फोकस
ग्रीन पार्क में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के लिए पेयजल, पार्किंग, स्वच्छता, चिकित्सा सहायता और सुरक्षा व्यवस्था के पर्याप्त इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यक्रम में आने वाले प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
शहर में होंगे सामूहिक योग कार्यक्रम
ग्रीन पार्क के अलावा जनपद के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, पंचायत भवनों, अमृत सरोवरों, आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों और नगर निगम द्वारा चिन्हित पार्कों में भी सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसके साथ ही भीतरगांव स्थित प्राचीन मंदिर परिसर और बिठूर के नानाराव पार्क समेत कई प्रमुख स्थलों पर भी योगाभ्यास कराया जाएगा।
सामाजिक संस्थाएं भी निभाएंगी भूमिका
बैठक में बताया गया कि ब्रह्माकुमारी, गायत्री परिवार और आर्ट ऑफ लिविंग सहित विभिन्न योग एवं सामाजिक संस्थाएं कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता करेंगी। आयुष विभाग के प्रशिक्षित योग प्रशिक्षक विभिन्न स्थलों पर योगाभ्यास कराएंगे और लोगों को नियमित योग अपनाने के लिए प्रेरित करेंगे।
फोटो-वीडियो अपलोड करने की सुविधा
जिलाधिकारी ने बताया कि योग दिवस में भाग लेने वाले लोग अपनी योग गतिविधियों की फोटो और वीडियो ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड कर सकते हैं। इसके माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को योग अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जैन, एडीएम वित्त एवं राजस्व डॉ. विवेक चतुर्वेदी, एसडीएम सदर एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अनुभव सिंह, क्षेत्रीय आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी कप्तान सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Source link
स्वस्थ आयु के लिए योग' का संदेश:कानपुर के ग्रीन पार्क में हजारों लोग करेंगे योगा, डीएम बोले- शहर से गांव तक होंगे आयोजन