सोनभद्र में 28 जून से पल्स पोलियो अभियान शुरू:0 से 5 वर्ष के बच्चों को पिलाई जाएगी खुराक, 1092 बूथ लगेंगे


सोनभद्र में 28 जून से सघन पल्स पोलियो महाअभियान शुरू होगा। इसका उद्देश्य 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखना है। अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार को विकास भवन परिसर से एक जनजागरूकता रैली निकाली गई। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ)जागृति अवस्थी ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि पांच वर्ष तक का कोई भी बच्चा पोलियो की जीवनरक्षक खुराक से वंचित न रहे। सीडीओ अवस्थी ने बताया कि भारत को वर्ष 2014 में विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा पोलियो मुक्त राष्ट्र घोषित किया जा चुका है। हालांकि, पड़ोसी देशों में अभी भी पोलियो वायरस के मामले सामने आते रहते हैं। ऐसे में संक्रमण के संभावित खतरे को देखते हुए भारत में नियमित रूप से पल्स पोलियो अभियान चलाया जाता है, ताकि देश की नई पीढ़ी इस बीमारी से पूरी तरह सुरक्षित रह सके। उन्होंने जोर दिया कि पोलियो एक गंभीर बीमारी है जो आजीवन दिव्यांगता का कारण बन सकती है, लेकिन समय पर पिलाई गई पोलियो की दो बूंदें बच्चों को सुरक्षित रखती हैं। उन्होंने अभिभावकों से प्रत्येक बच्चे को हर बार खुराक पिलाने का आग्रह किया, चाहे उसे पहले कितनी भी बार दवा दी जा चुकी हो। बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित उन्होंने जनप्रतिनिधियों,ग्राम प्रधानों,आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों,आशा बहनों, शिक्षकों,स्वयंसेवी संस्थाओं और मीडिया से भी अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग की अपील की। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ०गिरधारी लाल ने बताया कि इस अभियान के तहत जनपद के3,07,095 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 1092 पोलियो बूथ, 36 ट्रांजिट टीमें और 7 मोबाइल टीमें गठित की गई हैं। बूथ दिवस पर सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ०रमेश कुमार मिश्रा ने बताया कि “अभियान का उद्देश्य जनपद के प्रत्येक 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाना है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने बूथों के साथ-साथ ट्रांजिट और घर-घर जाकर दवा पिलाने की व्यापक व्यवस्था की है। उन्होंने कहा कि यदि कोई बच्चा बूथ तक नहीं पहुंच पाता है तो घर आने वाली स्वास्थ्य टीम उसे पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएगी।”

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *