सोनभद्र में झमाझम बारिश से मिली गर्मी से राहत:मानसून की दस्तक, किसानों के लिए फायदेमंद


सोनभद्र जिले में मंगलवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं, गरज-चमक और झमाझम बारिश से लोगों को भीषण उमस और गर्मी से राहत मिली। बिहार-झारखंड के रास्ते सोनभद्र में मानसून ने दस्तक दे दी है, जिससे जिले के कई इलाकों में मौसम सुहाना हो गया।दोपहर 2 बजे से ही आसमान में बादल छाने लगे थे। लगभग 2:30 बजे तक सोनभद्र के कई इलाकों में भारी बारिश शुरू हो गई। 3 बजे के बाद मुख्यालय सहित अन्य क्षेत्रों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में और अच्छी बारिश होने की संभावना है, जो खरीफ फसलों के लिए फायदेमंद मानी जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार सोनभद्र का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान लगाया जा रहा है। मंगलवार को हुई बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे। लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों ने खेतों में मेड़ बांधना शुरू कर दिया है। इस बारिश से धान की नर्सरी लगाने, मक्का और अरहर की बुवाई करने में मदद मिलेगी। साथ ही, मिर्च, टमाटर और बैंगन जैसी सब्जियों की नर्सरी भी तैयार की जा सकेगी। हालांकि, गर्मी के मौसम में लगाई गई पिछैती उड़द की फसल को कुछ स्थानों पर नुकसान हो सकता है। दोपहर बाद नगवा, चतरा ब्लॉक और रॉबर्ट्सगंज सहित जिले के अधिकांश क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। कई स्थानों पर सड़कों पर पानी भर गया, जिससे आवागमन कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। जिला प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े न होने, खुले मैदानों से दूर रहने तथा बिजली चमकने के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *