![]()
सुल्तानपुर में बढ़ती धूप और भीषण गर्मी के मद्देनजर सहायक श्रम आयुक्त मधुबन राम ने श्रमिकों के बचाव के लिए एक विशेष परामर्श (एडवाइजरी) जारी की है। श्रम विभाग ने बढ़ते तापमान और ‘लू’ के खतरे को देखते हुए श्रमिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए नियोक्ताओं और कामगारों को आवश्यक सावधानियां बरतने के कड़े निर्देश दिए हैं। एडवाइजरी में श्रमिकों को धूप में निकलते समय पूरी आस्तीन के सूती कपड़े पहनने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही, सिर ढकने के लिए गमछा या टोपी का उपयोग करने, धूप का चश्मा, छाता और जूते-चप्पल पहनकर ही बाहर निकलने के निर्देश दिए गए हैं। श्रमिकों को अपने साथ शुद्ध पेयजल रखने और थोड़ी-थोड़ी देर में पानी पीते रहने को कहा गया है। इसके अतिरिक्त, घर के बने पेय पदार्थ जैसे छाछ, आम का पना और नमक-चीनी-नींबू के घोल का अधिक सेवन करने की भी सलाह दी गई है। सहायक श्रम आयुक्त ने नियोक्ताओं को श्रमिकों के हितों की अनदेखी न करने की चेतावनी दी है। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया है कि भयंकर धूप और लू के समय, खासकर दोपहर के वक्त, श्रमिकों से कार्य लेने से बचा जाए। कार्यस्थल पर पर्याप्त छाया, शेड और शुद्ध ठंडे पानी की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं।
Source link
सुल्तानपुर में भीषण गर्मी, श्रम विभाग ने जारी की एडवाइजरी:श्रमिकों और एंप्लॉयर के लिए जारी हुए दिशा-निर्देश