![]()
सुल्तानपुर में छिनैती की घटनाएं थम नहीं रही हैं। जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में एक बुजुर्ग महिला और एक दंपति छिनैती का शिकार हुए। गुरुवार शाम अखंडनगर में एक बुजुर्ग महिला से 10,900 रुपये छीन लिए गए, जबकि बुधवार को शिवगढ़ में एक दंपति से चेन और 1,000 रुपये की छिनैती हुई। अखंडनगर में गुरुवार शाम करीब 4:15 बजे यह घटना हुई। कलावली पत्नी मिठाई लाल (निवासी सहतपुर, अखंडनगर, सुल्तानपुर) बैंक ऑफ बड़ौदा की बनगवांडीह शाखा से 10,000 रुपये निकालकर इंडियन गैस एजेंसी जा रही थीं। बहराभारी गांव के पास एक बाइक सवार युवक ने उनका झोला छीन लिया और नहर की ओर फरार हो गया। महिला ने एजेंसी पर पहुंचकर घटना की जानकारी दी, जिसमें कुल 10,900 रुपये छीने जाने की बात बताई गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी धीरेंद्र कुमार वर्मा और उपनिरीक्षक हैदर अली पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और अपराधियों की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुट गए। इससे पहले बुधवार शाम शिवगढ़ थाना क्षेत्र के संसारीपुर मोड़ पर दवा कराकर घर लौट रहे एक बाइक सवार दंपति को बुलेट सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर रोक लिया। प्रारंभिक सूचना के अनुसार, बदमाशों ने तमंचे के बल पर उनसे सोने का लॉकेट और नकदी लूट ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। शिवगढ़ थाना प्रभारी परशुराम ओझा ने बताया था कि लुटेरों की शिनाख्त कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। हालांकि, इस घटना के संबंध में क्षेत्राधिकारी लंभुआ त्रितिक कपूर ने बाद में जानकारी दी कि संसारपुर मोड़ के पास हुई यह घटना छिनैती की थी, लूट की नहीं। उन्होंने बताया कि इसमें किसी भी हथियार का उपयोग नहीं हुआ और एक चेन तथा 1,000 रुपये की छिनैती हुई है। पुलिस सीसीटीवी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से इसका शीघ्र अनावरण करेगी। अग्रिम विधिक कार्यवाही जारी है।
Source link
सुल्तानपुर में दो अलग-अलग क्षेत्रो में छिनैती:बुजुर्ग महिला से 10,900 रुपये छीने, शिवगढ़ में दंपति बने शिकार