![]()
सुलतानपुर में एक शिक्षक पर कथित ‘फर्जी’ मुकदमा दर्ज होने के विरोध में शिक्षकों और सामाजिक संगठनों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष न्यायिक जांच और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है। सोमवार को ‘मोस्ट कल्याण संस्थान’ और ‘सोम्स शिक्षक महासभा’ के पदाधिकारियों ने कलेक्ट्रेट पर एकत्रित होकर जिलाधिकारी को संबोधित एक ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट शिव प्रसाद को सौंपा। यह मामला बल्दीराय थाना क्षेत्र के वलीपुर स्थित एक कॉलेज से जुड़ा है। कॉलेज के शिक्षक राजेश गौतम पर पुलिस ने एक मुकदमा दर्ज किया है, जिसे विभिन्न सामाजिक संगठनों और शिक्षक समुदाय ने ‘फर्जी’ और ‘मनगढ़ंत’ बताया है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि शिक्षक राजेश गौतम ने 26 जनवरी को कॉलेज के एक क्लर्क के खिलाफ डॉ. भीमराव आंबेडकर पर अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई थी। संगठनों का आरोप है कि इसी मामले में क्लर्क को बचाने, समझौता कराने का दबाव बनाने और बदले की भावना से पुलिस की मिलीभगत से राजेश गौतम के खिलाफ गंभीर धाराओं में ‘फर्जी’ मुकदमा दर्ज किया गया है। मोस्ट कल्याण संस्थान के जनरल सेक्रेटरी (सेवानिवृत्त नेवी ऑफिसर) राम उजागर यादव ने प्रशासन से कई मांगें की हैं। इनमें शिक्षक राजेश गौतम पर दर्ज मुकदमे की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच, साजिश में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई, ‘फर्जी’ मुकदमे को तत्काल वापस लेना और फर्जी एफआईआर दर्ज करने वाले संबंधित थानाध्यक्ष व अन्य दोषी पुलिसकर्मियों को निलंबित/बर्खास्त कर कानूनी कार्रवाई करना शामिल है। संगठन ने यह भी मांग की है कि शैक्षणिक माहौल बनाए रखने के लिए शिक्षकों और कर्मचारियों का सम्मान व सुरक्षा सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के उत्पीड़न की पुनरावृत्ति न हो। यहां पर मास्टर श्याम लाल निषाद, जीशान आदि मौजूद रहे।
Source link
सुलतानपुर में शिक्षक पर 'फर्जी' मुकदमे का आरोप:मोस्ट कल्याण संस्थान ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया, कार्रवाई की मांग