सीतापुर में किशोर की हत्या में चचेरा भाई गिरफ्तार:कुकर्म में असफल होने पर धारदार हथियार से की थी हत्या,बेड के नीचे मिला था शव


सीतापुर की बिसवां कोतवाली पुलिस ने 12 वर्षीय किशोर अल्तमश की हत्या के मामले में उसके चचेरे भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने हत्या के पीछे चौंकाने वाला खुलासा किया है। बताया गया कि आरोपी ने कुकर्म का प्रयास किया था, जिसका विरोध करने पर उसने धारदार हथियार से किशोर की हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को बेड के नीचे छिपाकर आरोपी मकान बंद कर फरार हो गया था। घटना 8 मई की शाम ग्राम शहरी सराय की है। वारदात की शाम 5 बजे से मृतक अल्तमश पुत्र हमीद घर से अचानक लापता हो गया था। परिवार के लोगों ने देर रात तक उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। खोजबीन के दौरान परिजन गांव में ही बंद पड़े एक मकान की छत के रास्ते अंदर पहुंचे। कमरे में बेड के नीचे अल्तमश का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। शव को छिपाने के लिए बेड के नीचे दो बक्से भी लगाए गए थे। बच्चे की गर्दन पर धारदार हथियार से वार के गंभीर निशान पाए गए थें। मृतक के पिता हमीद ने पुलिस को दी तहरीर में गांव के ही युवक मुदस्सिर पर हत्या का आरोप लगाया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू की थी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी मुदस्सिर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने कुकर्म का प्रयास किया था, लेकिन विरोध करने पर गुस्से में आकर किशोर की हत्या कर दी। घटना के खुलासे के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *