साइबर पुलिस ने ठगी के शिकार युवक को लौटाए रुपये:क्रिप्टो निवेश के नाम पर 5 लाख रुपये की हुई थी ऑनलाइन ठगी


बुलंदशहर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने क्रिप्टोकरेंसी निवेश धोखाधड़ी के शिकार एक युवक को उसके पांच लाख रुपये वापस दिलाए हैं। पीड़ित ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है। पुलिस के अनुसार, अनूपशहर क्षेत्र के शाहजहांपुर गांव निवासी धीरेश मोहन शर्मा ने 6 मार्च 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि अज्ञात साइबर ठगों ने उन्हें क्रिप्टोकरेंसी में निवेश कर भारी मुनाफा कमाने का लालच दिया और लाखों रुपये की ठगी कर ली। इस शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह के निर्देश और पुलिस अधीक्षक अपराध नरेश कुमार के पर्यवेक्षण में, साइबर क्राइम पुलिस टीम ने तकनीकी जांच की। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप, ठगी गई धनराशि में से पांच लाख रुपये पीड़ित के बैंक खाते में सफलतापूर्वक वापस करा दिए गए। साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रभात कुमार, निरीक्षक आसिफ अली और साइबर क्राइम टीम की इस कार्रवाई की पीड़ित तथा उसके परिजनों ने सराहना की है। साइबर पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के बहकावे में आकर बैंक खाता संख्या, एटीएम पिन, ओटीपी या सीवीवी जैसी गोपनीय जानकारी साझा न करें। यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है, तो उसे तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए, ताकि समय रहते धनराशि को सुरक्षित किया जा सके।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *