![]()
सहारनपुर में ITI कॉलेज के सिक्योरिटी गार्ड आदित्य खटाना हत्याकांड में पुलिस ने मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली। पुलिस ने बाइक सवार युवक को रोकने का प्रयास किया। लेकिन युवक ने पुलिस पर ही फायरिंग झोंक दी। पुलिस को भी काउंटर फायरिंग करनी पड़ी। बदमाश के पैर में गोली लगी है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू, एक तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। मामला थाना गंगोह क्षेत्र का है। सीओ अशोक सिसौदिया ने बताया कि पुलिस शुक्रवार देर रात बिडौली कुंडा बांधे के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि ITI कॉलेज के चौकीदार आदित्य खटाना की हत्याकांड का आरोपी आशु पुत्र देवेंद्र पिलखन वाली के पास हथियार लेकर खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के दाहिने पैर में लगी। घायल अवस्था में उसे अरेस्ट कर अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस .315 बोर तथा हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है। आरोपी हत्या के मुकदमे में वांछित चल रहा था। पढ़िए….पूरा मामला गंगोह थाना क्षेत्र के इस्सापुर गांव स्थित काबज सिंह ITI कॉलेज में 21 वर्षीय आदित्य खटाना सिक्योरिटी गार्ड के पद पर तैनात था। वह पिछले करीब तीन वर्षों से कॉलेज में नौकरी कर रहा था। 10 मई की सुबह उसका खून से लथपथ शव कॉलेज से करीब 100 मीटर दूर खेत में पड़ा मिला था। आदित्य के शरीर और आंख पर धारदार हथियार के गहरे घाव मिले थे। छोटे भाई जस्सी ने बताया था कि वह रोज की तरह सुबह चाय-नाश्ता लेकर कॉलेज पहुंचा, लेकिन आदित्य ड्यूटी पर नहीं मिला। तलाश करने पर खेत में उसका शव पड़ा मिला। हत्या की सूचना के बाद गांव में भारी आक्रोश फैल गया था। पोस्टमॉर्टम के लिए शव ले जा रही पुलिस को ग्रामीणों और परिजनों ने रोक लिया था। लोगों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी व एनकाउंटर की मांग की थी। करीब ढाई घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस अधिकारियों ने जल्द खुलासे और सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया, तब जाकर परिजन पोस्टमॉर्टम के लिए तैयार हुए थे। घटना के बाद ग्रामीणों ने अमलापुर निवासी एक युवक पर शक जताया था, जो हाल ही में जेल से बाहर आया था। ग्रामीणों का दावा था कि घटना वाली रात उसे ITI कॉलेज की तरफ जाते देखा गया था। बाद में वह खून से सने कपड़ों में गांव में दिखाई दिया और सड़क हादसे में घायल होने की बात कहकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने उसी युवक आशु को अब मुठभेड़ के बाद अरेस्ट कर लिया है। आदित्य परिवार में दो भाइयों में बड़ा था और सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। पिता मजदूरी करते हैं, जबकि छोटा भाई प्राइवेट नौकरी करता है। हत्या के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ था।
Source link
सहारनपुर में सिक्योरिटी गार्ड हत्याकांड का आरोपी मुठभेड़ में अरेस्ट:ITI के पास ग्राउंट में मिला था शव, पुलिस पर फायरिंग के बाद पैर में लगी गोली, हत्या में इस्तेमाल चाकू और तमंचा बरामद