सहारनपुर में योग गुरु ने कराया योगाभ्यास:योगासन, प्राणायाम और ध्यान की मुद्रा के बारे में बताया, महापौर रहे मौजूद


सहारनपुर में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में मानवमाऊ स्थित गोगा म्हाड़ी पर योग सप्ताह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया। पद्मश्री योग गुरु स्वामी भारत भूषण जी महाराज के सानिध्य और निर्देशन में प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया गया। कार्यक्रम में महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। उन्होंने जनसमूह के साथ योग की विभिन्न क्रियाएं कीं और इसके महत्व पर प्रकाश डाला। महापौर ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित कर स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन का मार्ग प्रशस्त करता है। डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग का महत्व और बढ़ गया है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के साथ मानसिक शांति भी प्राप्त करता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि योग आज वैश्विक स्तर पर भारत की पहचान बन चुका है। पद्मश्री योग गुरु स्वामी भारत भूषण जी महाराज ने इस अवसर पर कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक वैज्ञानिक और आध्यात्मिक पद्धति है। उन्होंने जोर दिया कि योग के माध्यम से शरीर, मन और आत्मा का संतुलन स्थापित किया जा सकता है। स्वामी भारत भूषण ने लोगों से आह्वान किया कि योग को केवल एक दिन के आयोजन तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि निरंतर योग करने से व्यक्ति तनावमुक्त, ऊर्जावान और स्वस्थ जीवन की ओर बढ़ सकता है। योग भारतीय ऋषि परंपरा की ऐसी देन है, जिसे आज पूरी दुनिया स्वीकार कर रही है। कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षकों ने साधकों को विभिन्न आसनों और प्राणायाम की सही विधियां बताईं। बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने योग को नियमित जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने स्वस्थ, सशक्त एवं विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी, योग साधक और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *