![]()
सहारनपुर में साइबर ठगों ने मशरूम की खेती के लिए बीज खरीदने की कोशिश कर रहे एक व्यक्ति को अपना शिकार बनाकर उसके खाते से 2.76 लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की तहरीर पर थाना जनकपुरी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जनकपुरी थाना क्षेत्र की भरत वाटिका निवासी मनमोहन सिंह पुत्र गुरनाम सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मशरूम की खेती के लिए बीज खरीदना चाहते थे। 11 जून को उन्होंने गूगल पर मशरूम बीज उपलब्ध कराने वाले विक्रेताओं के नंबर खोजे। इसी दौरान उन्हें अमित मिश्रा नामक व्यक्ति का मोबाइल नंबर मिला, जो स्वयं को हिमाचल प्रदेश के सोलन का निवासी बता रहा था। पीड़ित के अनुसार, उन्होंने उसे फोन पर संपर्क कर मशरूम बीज खरीदने संबंधी जानकारी ली। बातचीत के दौरान आरोपी ने भरोसे में लेकर व्हाट्सएप के माध्यम से कई जानकारियां और दस्तावेज मांगे, जिन्हें उन्होंने उपलब्ध करा दिया। इसके बाद आरोपी ने विभिन्न बहानों से ऑनलाइन भुगतान कराने और बैंकिंग प्रक्रिया पूरी कराने के नाम पर उन्हें अपने जाल में फंसा लिया। मनमोहन सिंह का आरोप है कि उनके केनरा बैंक, कैलाशपुर स्थित खाते से 11 जून को 89,500 रुपये, 12 जून को 97,000 रुपये तथा 13 जून को 89,500 रुपये निकाल लिए गए। इस प्रकार कुल 2 लाख 76 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली गई। जब उन्हें धोखाधड़ी का एहसास हुआ तो उन्होंने अपने बैंक खाते की जांच की और लेन-देन का विवरण जुटाया। इसके बाद उन्होंने थाना जनकपुरी पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साइबर अपराध से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
सहारनपुर में मशरूम बीज के नाम पर 2.76 लाख ठगे:किसान बीज खरीदने के खोज रहा था डीलर का नंबर, गूगल पर मिले ठग ने निकाल ली रकम