सहारनपुर में मकान मालिक पर जानलेवा हमला:किराएदार के साले समेत तीन पर केस, लोहे की रॉड से किया वार


सहारनपुर के थाना जनकपुरी क्षेत्र के चकहरेटी गांव में एक मकान मालिक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। किरायेदार के परिजनों पर हमले का आरोप लगा है। गंभीर रूप से घायल मकान मालिक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ धारा 307 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार घटना 10 मार्च की है। चकहरेटी गांव निवासी जगत सिंह अपने कार्यालय जा रहे थे। जैसे ही वे ट्रांसपोर्ट नगर के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे तीन लोगों ने उन पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। आरोपियों ने सड़क पर ही उनकी बेरहमी से पिटाई की और उन्हें गंभीर रूप से घायल कर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग निकले। सूचना मिलने पर परिजन पहुंचे और घायल जगत सिंह को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घायल जगत सिंह ने बताया कि करीब 10 महीने पहले उन्होंने अपना मकान प्रवीण नाम के व्यक्ति को किराए पर दिया था। उनके अनुसार, जब प्रवीण की पत्नी अपने मायके जाती थी, तब उसका साला शिवम अपनी पत्नी के साथ वहां रहने आ जाता था। मकान में देर रात तक लोगों का आना-जाना लगा रहता था, जिसकी शिकायत अन्य किरायेदारों ने भी उनसे की थी। जगत सिंह का कहना है कि जब उन्होंने प्रवीण को फोन कर इस बारे में बताया और मकान खाली करने को कहा, तो यह बात प्रवीण के साले शिवम को नागवार गुजर गई। आरोप है कि इसी रंजिश में शिवम पुत्र अमर सिंह ने अपने साथियों अमित पुत्र वीरेंद्र और जॉनी के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया। पीड़ित के अनुसार, आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उनमें से एक आरोपी हाल ही में जेल से छूटकर आया है। घटना के कई दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। परिवार का आरोप है कि आरोपी फोन और सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार धमकियां भी दे रहे हैं, जिससे परिवार दहशत में है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *