![]()
रामपुर जिले की सर्विलांस सेल और थाना स्तर पर संचालित सीईआईआर टीमों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 120 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत 20 लाख 40 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आमजन की शिकायतों और सीईआईआर पोर्टल पर दर्ज प्रार्थना पत्रों के आधार पर यह सफलता हासिल की। पुलिस ने एक विशेष अभियान के तहत सर्विलांस सेल की मदद से विभिन्न स्थानों से इन मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद किया। इस प्रक्रिया में सीईआईआर पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों और थाना स्तर पर दर्ज गुमशुदगी संबंधी प्रार्थना पत्रों का गहन परीक्षण किया गया। तकनीकी सहायता और लगातार निगरानी के कारण पुलिस इन मोबाइलों को उनके वास्तविक स्वामियों तक पहुंचाने में सफल रही।
बरामद किए गए सभी मोबाइल फोन रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उनके संबंधित स्वामियों को सौंप दिए गए। लंबे समय बाद अपने मोबाइल वापस पाकर लोगों ने खुशी व्यक्त की। कई मोबाइल धारकों ने बताया कि उन्हें अपने खोए हुए फोन के वापस मिलने की उम्मीद नहीं थी, लेकिन पुलिस की इस कार्रवाई ने उनका विश्वास बढ़ाया है। इस अवसर पर मोबाइल धारकों को अपने फोन की सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया। उन्हें सलाह दी गई कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने की स्थिति में तत्काल सीईआईआर पोर्टल और नजदीकी थाने में सूचना दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना ने मीडिया को बताया कि सर्विलांस सेल पहले भी कई बार गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को लौटा चुकी है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाली सर्विलांस टीम को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से आमजन में संतोष का माहौल है। लोगों ने गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर वापस दिलाने के लिए पुलिस का आभार व्यक्त किया।
Source link
सर्विलांस सेल ने 120 गुम मोबाइल बरामद किए:रामपुर पुलिस ने 20.40 लाख रुपये के फोन मालिकों को सौंपे