समय से करें बाढ़ बचाव की तैयारी:अधिकारियों के साथ समीक्षा में CM ने कहा-बरसात से पहले पूरा करें निर्माण कार्य


3 दिवसीय दौरे पर गोरखपुर आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को अधिकारियों के साथ गोरखनाथ मंदिर में बैठक की। उन्होंने कहा कि समय से बाढ़ बचाव की तैयारी पूरी करें। महानगर में जलभराव से निपटने के इंतजाम किए जाएं। किसी भी दशा में जलभराव नहीं होना चाहिए। जो निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गए हैं, उनका कार्य बरसात शुरू होने से पहले पूरा कर लिया जाए। मजदूरों की संख्या बढ़ाकर तेजी से काम करें। सीएम ने कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गर्मी के मौसम में बिजली आपूर्ति की भी सीएम ने समीक्षा की। उन्होंने कहा कि बिजली आपूर्ति निर्बाध होनी चाहिए। बिजली के तार दुरुस्त रखें, जिससे फाल्ट न होने पाए। निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि पैडलेगंज-ट्रांसपोर्टनगर सिक्सलेन ओवरब्रिज, पैडलेगंज-नौसड़ सिक्स लेन, पैडलेगंज-छात्रसंघ चौराहा-बेतियाहाता सहित ज्यादातर बड़ी परियोजनाएं निर्माण के अंतिम चरण में चल रही हैं। मुख्यमंत्री ने ओवरब्रिज का निर्माण कार्य जल्द पूरा करने को कहा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर के सभी एंट्री प्वाइंट को और सुंदर बनाएं। वहां विशेष सफाई व्यवस्था के साथ हरित पट्टी विकसित की जाए। छायादार और मनोहारी पौधे लगाए जाएं। उन्होंने जीडीए से एंट्री गेट का काम जल्द शुरू कराने के साथ ही रामगढ़ताल के सुदृढ़ीकरण और सुंदरीकरण के लिए और भी प्रयास करने को कहा।
सीएम ने ताल और नया सवेरा की सफाई पर विशेष ध्यान देने को कहा। जीडीए उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने बताया कि ताल की सफाई के लिए कार्ययोजना बना ली गई है। पैडलेगंज रिंग रोड के पास के क्षेत्र को भी सुंदर बनाने के साथ यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि वहां नालों का पानी ओवरफ्लो होकर ताल में न गिरे। उपाध्यक्ष ने मोहद्दीपुर- सहारा एस्टेट रिंग रोड निर्माण की प्रगति के बारे में भी जानकारी दी। पशु तस्करों पर करें सख्ती, भू माफिया पर हो कड़ी कार्रवाई मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस और प्रशासन को पशु तस्करों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश देते हुए यह सुनिश्चित करने को कहा कि पशु तस्करी पर पूरी तरह लगाम लगाई जाए। उन्होंने कहा कि गरीबों, असहायों की भूमि कब्जा करने वाले भूमाफियाओं पर सख्ती की जाएं और उन्हें जेल भेजा जाए। मुख्यमंत्री ने भीड़ भाड़ वाले क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखने के साथ ही रात में गश्त बढ़ाने का निर्देश दिया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *