![]()
बुलंदशहर के कोतवाली नगर क्षेत्र में नगर पालिका के एक सफाईकर्मी के साथ मारपीट और जातिसूचक टिप्पणी का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, स्याना अड्डा निवासी धीरज वाल्मीकि नगर पालिका में सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब वह रुकनसराय स्थित टावर वाली गली में सफाई कर रहे थे, तभी वहां रहने वाला आसिफ गाजी, जो डेयरी का काम करता है, उनसे जबरन अपने घर का गोबर उठवाने का दबाव बनाता था। धीरज के मना करने पर आसिफ कथित तौर पर जातिसूचक टिप्पणी करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग करता था। पीड़ित ने बताया कि 1 मई 2026 को सुबह करीब 8 बजे जब वह सफाई कर रहे थे, तभी आसिफ गाजी अपने दो अज्ञात साथियों के साथ वहां आया। उन्होंने धीरज के साथ गाली-गलौच करते हुए मारपीट की और इलाके में सफाई करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के दौरान मौजूद कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर पीड़ित धीरज को बचाया। इसके बाद धीरज थाने पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई। कोतवाली नगर पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।
Source link
सफाईकर्मी से मारपीट, जातिसूचक टिप्पणी:बुलंदशहर में घर से गोबर उठाने का दबाव बनाने पर हुआ विवाद