सड़क हादसे में 5 की मौत, चालक पर केस दर्ज:बाइक को ट्रक ने पीछे से मारी थी टक्कर, वैष्णो देवी से लौटा था परिवार


बुलंदशहर में नेशनल हाईवे-34 पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत के मामले में पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। यह परिवार वैष्णो देवी के दर्शन कर वापस लौट रहा था। मृतकों में धमेड़ा कीरत गांव निवासी उत्तम (38), उनकी पत्नी उर्मिला (28) और तीन बच्चे निशांत (10), दिशा (8) और अनायरा (6) शामिल हैं। महिपाल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 8 मई की शाम उनका पुत्र उत्तम अपने परिवार के साथ वैष्णो देवी से दर्शन कर मोटरसाइकिल से खुर्जा से गांव की ओर लौट रहा था। आरोप है कि शाम करीब साढ़े चार बजे जब परिवार बुलंदशहर रोड पर ग्राम भरौली कट के पास पहुंचा, तभी खुर्जा की ओर से तेज गति और लापरवाही से आ रहे एक ट्रक ने बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार सभी पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपी चालक की तलाश जारी राहगीरों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उत्तम, उनकी पत्नी उर्मिला, पुत्र निशांत, पुत्री दिशा और पुत्री अनायरा की मौत हो गई। घटना के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजन सदमे में हैं। पुलिस ने सभी शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। कोतवाली देहात पुलिस ने महिपाल सिंह की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गैर इरादतन हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी चालक की तलाश जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *