सई नदी में डूबी मिली महिला की मौत:परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर की शिनाख्त, हरदोई की रहने वाली थी


उन्नाव के बेहटामुजावर थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम सई नदी में एक महिला का शव मिला। ग्रामीणों ने उसे नदी से बाहर निकालकर बांगरमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शनिवार दोपहर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने मृतका की पहचान हरदोई जिले के कासिमपुर थाना क्षेत्र के असवरमऊ गांव निवासी 60 वर्षीय शिवदुलारी पत्नी स्व. देशराज के रूप में की। शुक्रवार शाम बेहटामुजावर थाना क्षेत्र के बिहारीखेड़ा गांव के पास स्थानीय लोगों ने सई नदी में एक महिला को पड़ा देखा। ग्रामीणों ने उसे नदी से बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाहर निकालने के दौरान महिला की सांसें चल रही थीं, जिससे उसके जीवित होने की उम्मीद जगी थी। ग्रामीण तुरंत महिला को बांगरमऊ सीएचसी ले गए, लेकिन जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर बेहटामुजावर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर महिला की पहचान कराने की कोशिश की। देर शाम पुलिस को महिला की पहचान के संबंध में कुछ जानकारी मिली। इसके बाद शनिवार को परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और शव की शिनाख्त शिवदुलारी के रूप में की। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बांगरमऊ-संडीला मार्ग पर सई नदी के पुल पर महिला की चप्पल मिली थी। इससे आशंका है कि महिला ने पुल से नदी में छलांग लगाई होगी। महिला का शव पुल से करीब चार किलोमीटर दूर बिहारीखेड़ा गांव के पास नदी में मिला था। हालांकि, महिला ने नदी में छलांग क्यों लगाई, इसका कारण अभी साफ नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों के अनुसार, मृतका शिवदुलारी के दो बेटे हैं। मां की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और शव की पहचान की। पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी राजकुमार ने बताया कि महिला की पहचान हरदोई जिले के असवरमऊ गांव निवासी शिवदुलारी के रूप में हुई है। मामले में जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *