संभल में सरकारी जमीन पर बुलडोजर एक्शन:ईदगाह और कब्रिस्तान से हटेगा अवैध कब्जा, राजस्व टीम गठित


संभल में सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराने के अभियान के तहत मंगलवार को राजस्व विभाग की टीम बुलडोजर कार्रवाई करेगी। यह कार्रवाई असमोली थाना क्षेत्र के गांव मढ़न में स्थित ईदगाह और कब्रिस्तान की भूमि पर होगी। न्यायिक मजिस्ट्रेट आशुतोष तिवारी ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। यह मामला संभल के थाना असमोली क्षेत्र के गांव मढ़न में असमोली-लोधीपुर मार्ग किनारे स्थित कब्रिस्तान और ईदगाह से जुड़ा है। तहसीलदार न्यायालय ने धारा 67 के तहत गांव मढ़न में कब्रिस्तान की गाटा संख्या 208, रकबा 0.0070 हेक्टेयर (70 वर्गमीटर) पर से अवैध कब्जा हटाने का आदेश दिया है। संभल न्यायिक मजिस्ट्रेट आशुतोष तिवारी ने गाटा संख्या 393, रकबा 0.207 हेक्टेयर (दो बीघा) में से 0.128 हेक्टेयर (डेढ़ बीघा) भाग से प्रतिवादी शमशाद पुत्र शन्नू और इफतखार पुत्र मल्लाह को बेदखल करने का आदेश दिया है। इन अवैध कब्जों को हटाने के लिए तहसीलदार संभल धीरेंद्र कुमार सिंह ने एक टीम का गठन किया है।
इस टीम में नायब तहसीलदार दीपक कुमार जुरैल और शुभम प्रताप सिंह को प्रभारी बनाया गया है। राजस्व निरीक्षक चंद्रपाल सिंह और पंकज गुप्ता, तथा लेखपाल दिगपाल सिंह, सुभाषचंद, पीयूष शर्मा, सुरेंद्र सिंह, अनुराग शर्मा, मुकेश कुमार शर्मा, पुष्पेंद्र कुमार और अमित कुमार-1 को भी नामित किया गया है। तहसीलदार ने थाना असमोली प्रभारी को पत्र लिखकर पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराने की मांग की है ताकि सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त करने की कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *