संभल में सड़क हादसे में बुजुर्ग महिला की मौत:बेटा, बहू और दो बच्चे घायल; रिश्ते से लौटते समय हादसा


संभल में एक सड़क हादसे में शुक्रवार रात एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि उसका बेटा, पुत्रवधू और दो पोता-पोती गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना तब हुई जब आलू से लदी एक डीसीएम ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक महिला की पहचान संभल के नखासा थाना क्षेत्र के हिसामपुर निवासी 55 वर्षीय आफताबी पत्नी शाकिर के रूप में हुई है। उनके साथ बाइक पर बेटा बिलाल, पुत्रवधू गले मेहताब, छह वर्षीय पोती अनायाजा और चार वर्षीय पोता सुफियान सवार थे। परिवार हयातनगर थाना क्षेत्र के मूसापुर गांव में बिलाल के साले नईम के रिश्ते के कार्यक्रम से लौट रहा था। यह हादसा शुक्रवार रात करीब 8:40 बजे संभल तहसील के कैलादेवी थाना क्षेत्र में आदमपुर रोड पर मूसापुर और रायपुर गांव के बीच हुआ। संभल की ओर से तेज गति से आ रही आलू से भरी डीसीएम गाड़ी ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने आफताबी को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनकी पुत्रवधू गले मेहताब को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है। बुजुर्ग महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थाना प्रभारी सचिन कुमार ने बताया कि डीसीएम गाड़ी ने बाइक को टक्कर मारी, जिससे एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। उनके बेटे, पुत्रवधू और दो बच्चे घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस घटना से रिश्ते की खुशियां मातम में बदल गईं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *