संभल में बाइक टक्कर से 3 लोग घायल:ममेरे भाई के अंतिम संस्कार से लौट रहे दो भाई


संभल में रविवार देर रात करीब 12 बजे एक सड़क हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जोया रोड पर ताजपुर के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। यह हादसा तब हुआ जब दो भाई अपने ममेरे भाई को दफनाकर घर लौट रहे थे। थाना हयातनगर क्षेत्र के मूसापुर निवासी रियाजुल हसन और हारून पुत्र इनायतुल्लाह अपने ममेरे भाई अशरफ के जनाजे और दफन में शामिल होने परियावली गए थे। दफन के बाद वे बाइक से अपने घर वापस आ रहे थे। रात करीब 12 बजे जैसे ही दोनों भाई जोया रोड स्थित ताजपुर व पलथा के पास पहुंचे, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार तीनों लोग सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तत्काल एम्बुलेंस (डायल-108) को सूचना दी। एम्बुलेंस पहुंचने पर रियाजुल हसन और हारून को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार घायल युवक को उसके परिजन एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनास्थल से क्षतिग्रस्त बाइकों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। जिला अस्पताल में भर्ती दोनों घायलों का उपचार जारी है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *