![]()
संभल में प्रेम-प्रसंग के चलते एक युवक की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। बाद में उसके शव को जामुन के पेड़ पर फांसी पर लटका दिया गया। फॉरेंसिक लैब की रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के 90 दिन बाद पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। घटना तहसील गुन्नौर के थाना धनारी क्षेत्र के गांव रुस्तमपुर पीपलवाड़ा की है। युवक की पहचान गोपाल (22) पुत्र ऋषिपाल के रूप में हुई थी। गोपाल 29 मई की शाम करीब 4:30 बजे घर से निकला था और देर रात तक वापस नहीं लौटा। 30 मई की सुबह उसका शव गांव के बाहर एक जामुन के पेड़ से लटका मिला था। मृतक के पिता ने भी बेटे की हत्या का संदेह जताया था और आत्महत्या की बात से इनकार किया था। शनिवार को थाना प्रभारी नरेश पाल सिंह ने बताया कि युवक की हत्या के मामले में रुस्तमपुर पीपलवाड़ा निवासी सुलदीप उर्फ संदीप शर्मा पुत्र राजाराम शर्मा को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि इस मामले में पांच अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। थाना प्रभारी नरेश पाल सिंह के अनुसार, मृतक के पिता की शिकायत पर 5 अगस्त को राम खिलाड़ी पुत्र नौरंगीलाल, धर्मेंद्र व रविंद्र पुत्र रामवीर, कुलदीप उर्फ संदीप शर्मा पुत्र राजाराम शर्मा, शाहपुर सोत थाना असमोली निवासी गौरव और बहजोई निवासी राजू के खिलाफ धारा 103(1) के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई थी। मुकदमे की विवेचना के दौरान इसमें 238 BNS की धारा भी बढ़ाई गई। गिरफ्तार किए गए अभियुक्त से पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मृतक युवक का गांव की एक लड़की से प्रेम प्रसंग था। युवक की मौत से कुछ समय पहले दोनों को एक साथ पकड़े जाने के बाद गांव में एक पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत में गोपाल को लड़की से दूर रहने की चेतावनी दी गई थी और लड़की को उसकी ननिहाल भेज दिया गया था। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने एक रस्सी टूटने के बाद दूसरी रस्सी का इस्तेमाल कर शव को फांसी पर लटकाया था।
Source link
संभल में प्रेम-प्रसंग में युवक की हत्या, एक गिरफ्तार:गला दबाकर फांसी पर लटकाया, फॉरेंसिक रिपोर्ट से पुष्टि; 5 आरोपी फरार