![]()
संभल के बहजोई में 11वीं की छात्रा से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में पीड़िता के पिता की शिकायत पर आरोपी और उसके पिता के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं, परिजनों के अनुसार समझौते की जानकारी मिलने से आहत छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। उसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। लगातार परेशान करने का आरोप, पिता-पुत्र पर मुकदमा घटना चंदौसी तहसील के थाना बहजोई क्षेत्र के एक गांव की है। थाना प्रभारी राजीव कुमार मलिक ने सोमवार को बताया कि आरोपी अजय पुत्र रामनिवास को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पीड़िता के पिता की तहरीर पर आरोपी अजय और उसके पिता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 78(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
कॉलेज जाते समय करता था छेड़छाड़ पीड़िता के पिता ने शिकायत में आरोप लगाया है कि अजय उनकी बेटी को लंबे समय से परेशान कर रहा था। वह कॉलेज आते-जाते समय रास्ते में रोककर छेड़छाड़ करता था और दबंगई दिखाता था। इतना ही नहीं, आरोपी उनके घर तक पहुंच गया और वहां भी अभद्र व्यवहार किया। शिकायत के अनुसार, 29 जुलाई की दोपहर आरोपी ने छात्रा का नहाते समय वीडियो भी बना लिया। इसके अगले दिन 30 जुलाई को स्कूल जाते समय उसने छात्रा को जबरन बाइक पर बैठाने की कोशिश की और फिर छेड़छाड़ की। शिकायत के बाद कार्रवाई में देरी का आरोप पीड़िता के पिता का आरोप है कि उन्होंने 30 जुलाई को थाने में शिकायत दी थी, लेकिन 31 जुलाई की सुबह तक पुलिस की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इसी बीच कुछ प्रभावशाली लोगों ने उन पर समझौते का दबाव बनाया। परिजनों का आरोप है कि दबाव में आकर पिता ने बेटी से बिना राय लिए समझौते के लिए सहमति दे दी।
समझौते की जानकारी मिलने पर सुसाइड का प्रयास परिजनों के मुताबिक, 1 अगस्त की सुबह जब छात्रा को पता चला कि उसके पिता समझौता करने जा रहे हैं, तो वह मानसिक रूप से टूट गई। उसे आशंका थी कि समझौते के बाद भी आरोपी उसे परेशान करता रहेगा। इसी डर और तनाव में उसने पिता के घर से निकलने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। परिवार के लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस कर रही मामले की जांच पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
संभल में छात्रा से छेड़छाड़, पिता-पुत्र पर FIR:पिता के समझौते से आहत छात्रा ने सुसाइड की कोशिश की, हॉस्पिटल में भर्ती