![]()
संभल में एक हादसे में दसवीं की छात्रा खुशी शर्मा की मौत हो गई। पवांसा-आटा मार्ग पर ई-स्कूटी फिसलने के बाद वह मक्के से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे आ गई। इस हादसे में छात्रा का भाई अभय गौड़ भी मामूली रूप से घायल हो गया। यह घटना मंगलवार सुबह 11 बजे की है। घटना बहजोई के गांव अजीमाबाद का है। किशोरी की पहचान 16 वर्षीय खुशी शर्मा पुत्री चेतन गौड़ के रूप में हुई है। वह गांव पंवासा के पंडित रामप्रसाद जनता कृषक इंटर कॉलेज में हाईस्कूल की छात्रा थी। मृतक छात्रा की मां सपना गौड़ ने बताया कि खुशी सुबह 8 बजे इंटर कॉलेज पढ़ने गई थी। सुबह करीब 11 बजे उसका बेटा अभय गौड़ उसे ई-स्कूटी से घर ला रहा था, क्योंकि परिवार को खाटू श्याम, राजस्थान जाना था। पवांसा-आटा मार्ग पर अचानक स्कूटी के पहिए के नीचे कुछ आ जाने से ई-स्कूटी फिसल गई। ई-स्कूटी फिसलने के बाद खुशी मक्के की फसल से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। अभय को भी हल्की चोटें आईं। हादसे के बाद आसपास के लोग और परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे।
गंभीर रूप से घायल भाई-बहन को संभल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां तीन-चार घंटे के इलाज के बाद डॉक्टरों ने खुशी को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को घर ले आए। ग्रामीणों की सूचना पर पवांसा पुलिस चौकी प्रभारी नरेंद्र सिंह गांव पहुंचे और मामले की जांच-पड़ताल की। पुलिस ने परिजनों से भी पूछताछ की, लेकिन उन्होंने किसी भी कानूनी कार्रवाई करने से इनकार कर दिया। परिजनों ने चौकी प्रभारी को इस संबंध में लिखित में भी दिया है। कोतवाली प्रभारी राजीव कुमार मलिक ने बताया कि परिजनों द्वारा कानूनी कार्रवाई न करने के लिए लिखित में दिए जाने के बाद, मंगलवार देर शाम 07 बजे गांव के श्मशान घाट में छात्रा का अंतिम संस्कार कर दिया गया। खुशी शर्मा अपने तीन बहन-भाइयों में सबसे छोटी थी।
Source link
संभल में ई-स्कूटी फिसलने से छात्रा की मौत:ट्रैक्टर-ट्रॉली से दबकर जान गई, भाई घायल; आज खाटू श्याम जाने वाला था परिवार