शिव नगर–बैकुंठपुर मार्ग गड्ढों में तब्दील:नगरवासियों में आक्रोश, मरम्मत की मांग


महराजगंज के नगर पालिका परिषद क्षेत्र के शिव नगर और बैकुंठपुर के बीच स्थित संपर्क मार्ग की स्थिति बदहाल है। यह सड़क दो वार्डों को जोड़ते हुए सवना गांव की ओर जाती है, जिससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो जाने के कारण राहगीरों, बाइक सवारों और स्कूली बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों, जिनमें साधु पटेल, कंचन पटेल और आकाश शामिल हैं, ने बताया कि सड़क लंबे समय से जर्जर अवस्था में है। बरसात के दिनों में इन गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। निवासियों का आरोप है कि उन्होंने कई बार संबंधित विभाग और नगर पालिका प्रशासन का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित कराया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि सड़क की मरम्मत को लेकर केवल आश्वासन दिए जाते हैं, जबकि जमीनी स्तर पर कोई कार्य नहीं हो रहा है। नगरवासियों ने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे जनहित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *