शिकोहाबाद स्टेशन पर एसओजी और बदमाशों में मुठभेड़:एसओजी के दो सिपाही गोली लगने से घायल, संबलपुर एक्सप्रेस से भागे बदमाश गांव में घुसे


फिरोजाबाद के शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को इटावा एसओजी और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। बदमाशों की फायरिंग में एसओजी के दो सिपाही गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जबकि बदमाश ट्रेन से उतरकर पास के गांव में फरार हो गए। पुलिस ने गांव की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि गाजियाबाद से झारखंड जा रहे दो बदमाश संबलपुर एक्सप्रेस में सवार हैं। सूचना के आधार पर इटावा एसओजी ने शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर ट्रेन को घेर लिया। इसी दौरान बदमाश ट्रेन से उतरकर भागने लगे। पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से एसओजी का एक सिपाही पेट में और दूसरा कंधे में घायल हो गया। जवाबी कार्रवाई के बीच बदमाश पास के एक गांव की ओर भाग निकले। घटना के बाद इटावा पुलिस ने गांव की चारों ओर से घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस बदमाशों की तलाश में लगातार कॉम्बिंग कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही इटावा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश श्रीवास्तव और अपर पुलिस अधीक्षक अभय नाथ त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके के लिए रवाना हो गए। पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी है और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है। खबर लगातार अपडेट की जा रही है….

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *