![]()
शाहजहांपुर में मोबाइल खरीदने गए दो युवकों पर लाठी-डंडों से हमला किया गया। इस हमले में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हिंदूवादी संगठनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। यह घटना थाना खुटार क्षेत्र के इंदरानगर मोहल्ले की है। शुक्रवार रात करीब 11 बजे इंदरानगर निवासी दीपांशु गुप्ता एक दुकान पर मोबाइल खरीदने गए थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के एक युवक की मां वहां आकर गाली-गलौज करने लगी। दीपांशु ने इस पर आपत्ति जताई, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद बढ़ने पर मकान के अंदर से एक युवक आया और उसने दीपांशु के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी पक्ष के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने लाठी-डंडों से दीपांशु पर हमला कर दिया। दीपांशु को घायल देखकर उसका साथी मुकेश भी मौके पर पहुंचा, तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। हमले के बाद दोनों घायल युवक थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने तत्काल दोनों घायलों को मेडिकल जांच के लिए भेजा। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की पूछताछ की। थाना प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि मारपीट में दो लोग घायल हुए हैं, जिनका मेडिकल कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी के अनुसार, इस घटना से लगभग एक घंटा पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था।
Source link
शाहजहांपुर में लाठी-डंडों से हमला:मोबाइल खरीदने गए दो युवक गंभीर घायल