![]()
शाहजहांपुर में एक पेट्रोल पंप पर एक युवक 910 रुपये का पेट्रोल डलवाकर बिना पैसे दिए फरार हो गया। कर्मचारी के मुड़ते ही बाइक सवार मौके से भाग निकला। कर्मचारियों ने पहले अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। यह घटना थाना कांट क्षेत्र के कांट पेट्रोल पंप पर 16 मई को दोपहर 12 बजकर 24 मिनट पर हुई। पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई। फुटेज में दिख रहा है कि युवक ने नीली जींस, गुलाबी शर्ट और स्पोर्ट्स शूज़ पहने थे। पंप स्वामी ने पुलिस अधीक्षक को भेजे प्रार्थना पत्र में बाइक नंबर का भी उल्लेख किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी ने जानबूझकर पेट्रोल डलवाते समय बाइक का इंजन स्टार्ट रखा था, जो एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा लगता है।
पंप मालिक का यह भी आरोप है कि उनके पेट्रोल पंप पर पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे आपराधिक मानसिकता वाले व्यक्तियों के हौसले बढ़ रहे हैं। उन्होंने आरोपी युवक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। कांट थाना प्रभारी विश्व प्रताप सिंह ने बताया कि यह मामला उनके संज्ञान में आया है। सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई है, लेकिन युवक की पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस आरोपी को ट्रेस करने का प्रयास कर रही है।
Source link
शाहजहांपुर में पंप पर पेट्रोल डलवाकर भागा बाइक सवार:910 रुपए का पेट्रोल डलवाया, पंप मालिक ने कार्रवाई की मांग की