शाहजहांपुर में नाबालिग को ले जाने वाला गिरफ्तार:आरोपी ने लड़की से घर से 85 हजार रुपये भी मंगवाए थे


शाहजहांपुर में एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में पुलिस ने एक नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने लड़की से घर से 85 हजार रुपये नकदी भी मंगवाए थे। पुलिस ने रविवार दोपहर करीब दो बजे अंबेडकर पार्क के पास से आरोपी को पकड़ा। थाना सदर बाजार क्षेत्र की रहने वाली नाबालिग लड़की को उसी क्षेत्र का एक नाबालिग लड़का बहला-फुसलाकर भगा ले गया था। लड़की के पिता ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि आरोपी के कहने पर उनकी बेटी घर में रखे 85 हजार रुपये नकदी लेकर गई थी। परिवार ने लड़की की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर दोनों की बरामदगी के लिए एक टीम गठित की थी। रविवार को मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित आरोपी अंबेडकर पार्क के पास घूम रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दबिश दी और आरोपी नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने नाबालिग लड़की को भी बरामद कर लिया है। लड़की का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और आरोपी नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के सामने पेश किया गया है। थाना प्रभारी बृजेश सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर आरोपी नाबालिग को गिरफ्तार किया गया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *