शाहजहांपुर जेल में कैदी की मौत:अपहरण और हत्या के प्रयास में काट रहा था आजीवन कारावास


शाहजहांपुर जेल में आजीवन कारावास की सजा काट रहे एक कैदी की इलाज के दौरान मौत हो गई। कैदी की पहचान कटरा निवासी सत्यपाल के रूप में हुई है। सत्यपाल को अपहरण और हत्या के प्रयास के मामले में 24 अगस्त को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। बीती रात तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सत्यपाल और उसके रिश्ते के भाई पर कटरा थाना क्षेत्र के दमगड़ा में अपहरण, हत्या के प्रयास और एससी/एसटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। उन्हें 22 अगस्त को जेल भेजा गया था और 24 अगस्त को अदालत ने दोनों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। जेल प्रशासन के अनुसार, बीती रात कैदी सत्यपाल की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे तत्काल जेल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान सत्यपाल की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। कैदी की मौत की सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने बताया कि कुछ दिन पहले जब वे सत्यपाल से मिलने गए थे, तब वह ठीक था और बीमार नहीं लग रहा था। उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल आने के कई घंटे बाद भी उन्हें शव नहीं दिखाया गया है। हालांकि, परिजनों ने सीधे तौर पर कोई आरोप नहीं लगाया है। इस संबंध में जेल अधीक्षक जितेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि कैदी सत्यपाल की तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल भेजा गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने पुष्टि की कि कैदी को हत्या के प्रयास, अपहरण और एससी/एसटी एक्ट के तहत आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। जेल अधीक्षक ने यह भी बताया कि परिजनों की ओर से कोई आरोप नहीं लगाया गया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *