वेस्ट यूपी BJP 'बॉस' नागर को नहीं मिली 'अटेंशन':मुरादाबाद में CM के मंच पर कुर्सी विधायकों के बाद; योगी का स्वागत कराया न भाषण


वेस्ट यूपी भाजपा के बॉस (क्षेत्रीय अध्यक्ष) बनकर पहली बार मुरादाबाद पहुंचे नवाब सिंह नागर को खास अटेंशन नहीं मिली। मुरादाबाद सर्किट हाउस में आयोजित मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठकों में नागर को एंट्री नहीं मिली। हालांकि, इसके पीछे ये तर्क है कि मीटिग में सिर्फ जनप्रतिनिधियों को ही स्थान मिला था। जबकि सीएम की जनसभा में मंच पर भी उन्हें प्रोटोकॉल के मुताबिक स्थानीय नेताओं से तवज्जो नहीं मिली।
क्षेत्रीय अध्यक्ष होने के बावजूद नवाब सिंह नागर की कुर्सी मंच पर मुख्यमंत्री से काफी दूर (विधायकों के भी बाद) में थी। मंच पर सीएम योगी के दाहिने हाथ पर मुरादाबाद के प्रभारी मंत्री अनिल सिंह बैठे थे, उनके बाद शहर विधायक रितेश गुप्ता, उनके बाद कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह बैठे थे। इसके बाद क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर को कुर्सी दी गई थी।
सीएम के दूसरी साइड (बाईं तरफ) में कैबिनेट मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह, मेयर विनोद अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. शैफाली सिंह चौहान, एमएलसी व प्रदेश उपाध्यक्ष सत्यपाल सिंह सैनी आदि बैठे थे।
पहले ये 3 तस्वीरें देखिए
इतना ही नहीं जब सीएम मंच पर पहुंचे तो बाकी नेताओं से तो उनका स्वागत कराया गया लेकिन नवाब सिंह नागर से सीएम का स्वागत नहीं कराया गया। सीएम के मंच पर आने पर सबसे पहले प्रभारी मंत्री अनिल सिंह, उनके बाद कैबिनेट मंत्री भूपेंद चौधरी और दोनों विधायकों रितेश गुप्ता और रामवीर सिंह ने सीएम योगी आदित्यनाथ का मंच पर स्वागत किया। लेकिन सीएम का स्वागत करने के लिए क्षेत्रीय अध्यक्ष का नाम नहीं पुकारा गया। बात यहीं तक नहीं सिमटी, मंच पर मंत्री से लेकर विधायकों तक के भाषण हुए लेकिन नवाब सिंह नागर से दो शब्द बोलने का आग्रह किसी ने नहीं किया। शहर विधायक रितेश गुप्ता, उनके बाद कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह और बाद में कैबिनेट मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंह ने भी सीएम की मौजूदगी में मंच पर स्वागत भाषण दिया। लेकिन क्षेत्रीय अध्यक्ष का नाम यहां भी नहीं पुकारा गया।
मुरादाबाद पहुंचे नवाब सिंह नागर यूं तो एक होटल में ठहरे थे। सूत्र बताते हैं कि उन्हें रामपुर में आयोजित सीएम के कार्यक्रम में भी शिरकत करनी थी। क्योंकि रामपुर की भी उनके क्षेत्र का जिला है। लेकिन पश्चिम उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर सीएम की जनसभा से उतरते ही अपने घर को रवाना हो गए। हालांकि सूत्रों का कहना है कि पहले उनका मुरादाबाद में ही रात्रि विश्रााम का प्रोग्राम था। लेकिन नागर के प्रोग्राम में अचानक से तब्दीली आई और वे यहां से रवाना हो गए।
BJP सूत्रों का कहना है कि शहर में आयोजित सीएम के दूसरे कार्यक्रमों में भी नवाब सिंह नागर को औपचारिक निमंत्रण नहीं था।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *