![]()
बरेली के मीरगंज थाना क्षेत्र के असद नगर गांव में शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। असद नगर निवासी सोमपाल सिंह मौर्य की पुत्री भूरी (30) की शादी करीब छह साल पहले आंवला थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर गांव निवासी ओंकार से हुई थी। परिवार में जल्द ही एक शादी समारोह होने वाला था। इसी वजह से भूरी अपने पति के साथ मायके आई हुई थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और माहौल खुशियों भरा था। परिजनों के अनुसार भूरी की मां दृष्टिहीन हैं, जबकि उसके पिता किसी जरूरी काम से घर से बाहर गए हुए थे। परिवार की अन्य महिलाएं गांव में आयोजित गीत-संगीत कार्यक्रम में शामिल होने चली गई थीं। इस दौरान भूरी घर पर अकेली थी। छोटी बहन ने देखा तो मच गई चीख-पुकार रात करीब साढ़े दस बजे भूरी की छोटी बहन गोमती घर लौटी तो उसने अपनी बहन को कमरे में टीन शेड के नीचे लगी बल्ली से दुपट्टे के सहारे लटका हुआ देखा। यह दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंच गए। लोगों ने तुरंत भूरी को नीचे उतारकर चारपाई पर लिटाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य सूचना मिलने पर मीरगंज थाना पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। तहरीर का इंतजार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज इंस्पेक्टर रवि कुमार ने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
Source link
विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर मिला:बरेली के मीरगंज में मायके आई महिला ने दी जान, पुलिस जांच जारी