![]()
अयोध्या सदर से भाजपा विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि राम मंदिर निर्माण और तेजी से हो रहे विकास काम अयोध्या के स्वर्णिम काल की पहचान हैं। उन्होंने अपने कार्यकाल को 100% नंबर देते हुए कहा कि पीएम मोदी और सीएम योगी के नेतृत्व में अयोध्या में अभूतपूर्व बदलाव हुए हैं। दैनिक भास्कर से बातचीत में उन्होंने विकास कामों और 2027 के चुनाव पर खुलकर बात की। पढ़िए सवाल-जवाब… सवाल: अपने कामकाज को 10 में से कितने नंबर देंगे?
जवाब: पिछले करीब 9 वर्षों का कार्यकाल अयोध्या के लिए स्वर्णिम रहा है। हमने पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम किया है, इसलिए मैं अपने कार्य को 100 प्रतिशत अंक देता हूं। सवाल: आपके कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धि क्या रही?
जवाब: सबसे बड़ी उपलब्धि 500 वर्षों से लंबित राम मंदिर अयोध्या का निर्माण है। यह ऐतिहासिक कार्य है। इसके साथ ही अयोध्या में इस समय 30 से 35 हजार करोड़ रुपए की विकास योजनाएं चल रही हैं। हमारा प्रयास है कि अधिक से अधिक योजनाएं पूरी हों या शुरू हो जाएं। हम अयोध्या के विकास में “गिलहरी की तरह” योगदान दे रहे हैं। सवाल: कौन-कौन से प्रमुख विकास कार्य हुए?
जवाब: विधायक बनने के बाद सबसे पहले अयोध्या को नगर निगम बनाने का प्रस्ताव रखा, जो अब साकार हो चुका है। दीपोत्सव की शुरुआत हमारे कार्यकाल में हुई, जो आज अंतरराष्ट्रीय पहचान बना चुका है। फैजाबाद का नाम बदलकर अयोध्या किया गया और मंडल का नाम भी अयोध्या मंडल रखा गया। घाटों का निर्माण और सौंदर्यीकरण, रामपथ और धर्मपथ जैसे बड़े प्रोजेक्ट भी प्रमुख उपलब्धियों में शामिल हैं। सवाल: ऐसा कौन सा काम है जिसे आप और बेहतर करना चाहते हैं?
जवाब: राम मंदिर निर्माण के बाद देश-विदेश से श्रद्धालुओं की संख्या तेजी से बढ़ी है। इसे देखते हुए रेलवे स्टेशन का नवीनीकरण किया गया और अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा भी तैयार हुआ है। आगे हमारी कोशिश है कि इन सभी व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जाए, ताकि आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। सवाल: क्या इस बार भी आप टिकट के दावेदार हैं?
जवाब: तीसरी बार टिकट मिलना या न मिलना पूरी तरह पार्टी का विषय है। पार्टी हमारे कार्यों का मूल्यांकन कर रही है। सवाल: क्या आपको टिकट मिलने की उम्मीद है?
जवाब: मैं यह दावा नहीं करता कि 100 प्रतिशत काम हुआ है, लेकिन यह जरूर कह सकता हूं कि हमारे कार्यकाल में अयोध्या के विकास में चार चांद लगे हैं।
Source link
विधायक वेदप्रकाश बोले-राम मंदिर अयोध्या के स्वर्णिम काल की पहचान:3 बार टिकट मिला, इस बार भी मिलेगा; पार्टी हमारे कामों का मूल्यांकन कर रही