![]()
मिर्जापुर। विंध्याचल धाम के गुदारा घाट पर रविवार शाम गंगा स्नान के दौरान एक बड़ा हादसा टल गया। हरियाणा के अंबाला जिले से मां विंध्यवासिनी के दर्शन के लिए आए पांच श्रद्धालु गहरे पानी में चले जाने से डूबने लगे। घाट पर मौजूद नाविकों और गोताखोरों की सतर्कता से सभी की जान बचा ली गई। जानकारी के अनुसार, अंबाला से आया एक परिवार गुदारा घाट पर गंगा स्नान कर रहा था। इसी दौरान परिवार के पांच सदस्य अचानक गहरे पानी की ओर बढ़ गए और डूबने लगे। श्रद्धालुओं को डूबता देख उनके परिजनों ने मदद के लिए शोर मचाया। चीख-पुकार सुनकर घाट पर मौजूद नाविक और गोताखोर तुरंत गंगा में कूद पड़े। उन्होंने त्वरित बचाव अभियान चलाकर सभी पांचों श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। डूबने से बचाए गए श्रद्धालुओं में आशीष, सुमित, समीर, प्रेम और राकी शामिल हैं। ये सभी हरियाणा के अंबाला जिले से विंध्याचल आए थे। इस घटना के बाद गंगा घाटों की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान करने आते हैं, लेकिन कई स्थानों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग और निगरानी की व्यवस्था नहीं है। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि घाटों पर तैनात एसडीआरएफ की सक्रियता अपेक्षित स्तर पर नहीं दिख रही है, जबकि नाविक और स्थानीय गोताखोर लगातार अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों की मदद कर रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि गंगा घाटों पर अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए जाएं। खतरनाक क्षेत्रों में बैरिकेडिंग लगाई जाए और श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्नान के लिए जागरूक किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।
Source link
विंध्याचल में गंगा में डूब रहे 5 तीर्थयात्री बचाए गए:नाविकों और गोताखोरों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा