लापता बालक 24 घंटे में सकुशल मिला:ग्रामीणों ने थाने का घेराव कर हाईवे जाम किया; गन्ने के खेत में छिपा था


लखीमपुर में फरधान थाना क्षेत्र के मनिकापुर मजरा बरखेरवा से लापता हुए 10 वर्षीय बालक को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया है। बालक के लापता होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने गुरुवार दोपहर 12 बजे फरधान थाने का घेराव कर लखीमपुर-पीलीभीत हाईवे (एनएच-730) जाम कर दिया था। बाद में पुलिस अधिकारियों के समझाने पर जाम समाप्त कराया गया। बालक बुधवार को बकरी चराने गया था, लेकिन घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव के एक व्यक्ति के पेड़ से नींबू तोड़ने पर बालक की पिटाई की गई थी, जिसके बाद वह घर से चला गया था। बालक का कोई सुराग न मिलने पर ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि बालक परिजनों की डांट के डर से गांव के पास स्थित गन्ने के खेत में छिपा हुआ था। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इससे पहले भी वह कई बार परिजनों के डर से गांव के बाहर मंदिरों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में रात बिता चुका है। पुलिस ने बालक का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की। इसके उपरांत बालक को उसके पिता जितेंद्र पुत्र बाबूराम, निवासी मनिकापुर मजरा बरखेरवा, के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस मामले की अग्रिम विवेचना कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *