लखीमपुर-खीरी में बेकाबू कार नाले में गिरी, VIDEO:चिमनी गांव में ग्रामीण घबराकर भागे, चालक बाल-बाल बचा; CCTV में वीडियो कैद


लखीमपुर खीरी में बेहजम रोड स्थित चिमनी गांव में देर रात एक बड़ा सड़क हादसा होने से टल गया। यहां एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गहरे नाले में जा गिरी। यह पूरी घटना पास ही स्थित ‘यूपी-31 ढाबे’ के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सामने आया है। राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि इस भयानक हादसे में कार चालक की जान बाल-बाल बच गई। घटना के वक्त मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शी रोहित ने बताया कि देर रात सन्नाटे के बीच एक कार बेहद तेज गति से आ रही थी। चिमनी गांव के पास पहुंचते ही चालक कार पर से नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी लहराते हुए सीधे नाले में जा समाई। कार के नाले में गिरते ही वहां जोरदार आवाज हुई, जिससे आसपास के इलाके और ढाबे पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सीसीटीवी फुटेज में भी साफ देखा जा सकता है कि कार के गिरते ही आसपास खड़े लोग डर के मारे अचानक यहां-वहां भागने लगे। स्थानीय लोगों ने देवदूत बनकर बचाई जान हादसे के तुरंत बाद ढाबे पर मौजूद स्टाफ और स्थानीय ग्रामीण बिना वक्त गंवाए मौके पर दौड़े। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए नाले में उतरी कार का दरवाजा खोला और चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे का शिकार हुए कार चालक की पहचान बहादुर नगर निवासी के रूप में हुई है। गनीमत रही कि इतनी बड़ी दुर्घटना के बाद भी चालक को सिर्फ मामूली चोटें आई हैं, जिसे प्राथमिक उपचार दे दिया गया है। कार को निकालने के प्रयास जारी क्रेन और स्थानीय प्रशासन को घटना की सूचना दे दी गई है। ताजा जानकारी के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त कार अभी भी नाले में ही फंसी हुई है, जिसे बाहर निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस भी मामले की जांच कर रही है कि हादसा सिर्फ तेज रफ्तार की वजह से हुआ या चालक को झपकी आ गई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण अक्सर खतरे की स्थिति बनी रहती है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *