लखीमपुर-खीरी में कच्ची दीवार गिरने से 3 लोगों की मौत:मलबे में दबे मिले पति-पत्नी और 10 साल का बेटा, रहमतपुर गांव में तेज बारिश के कारण हादसा


लखीमपुर खीरी के नीमगांव थाना क्षेत्र के रहमतपुर गांव में शुक्रवार रात बारिश के बीच दर्दनाक हादसा हो गया। लगातार बारिश के कारण कमजोर हुई कच्ची दीवार और छप्पर अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के समय घर के अंदर सो रहे एक ही परिवार के तीन लोग मलबे के नीचे दब गए। हादसे में पति-पत्नी और उनके करीब 10 साल के बेटे की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार रहमतपुर गांव निवासी मोहन कश्यप (करीब 50 वर्ष) अपनी पत्नी कविता और करीब 10 साल के बेटे के साथ घर में सो रहे थे। रात में लगातार बारिश हो रही थी। इसी दौरान बारिश के कारण कमजोर हुई कच्ची दीवार अचानक गिर गई। दीवार के साथ छप्पर भी नीचे आ गया और तीनों लोग मलबे में दब गए। चीख-पुकार सुनकर मची अफरा-तफरी दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। हादसे की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और मलबा हटाने में जुट गए। सूचना मिलने पर नीमगांव पुलिस भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला गया। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी। मलबे में दबने के कारण तीनों की मौत हो चुकी थी। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर से गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के ग्रामीण भी घटना से स्तब्ध हैं। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। लगातार बारिश के बीच हुई इस घटना ने कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के मौसम में कमजोर और जर्जर मकानों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *