![]()
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा एक्सप्रेसवे और प्रमुख मार्गों पर टोल दरों में बढ़ोतरी के बाद अब इसका असर आम यात्रियों की जेब पर पड़ने वाला है। टोल महंगा होने के चलते रोडवेज बसों का किराया भी बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। रोडवेज प्रशासन ने इस संबंध में सभी प्रधान प्रबंधकों और आईटी विभाग को पत्र लिखकर बसों के किराये में संशोधन की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं। माना जा रहा है कि जल्द ही नई किराया दरें लागू हो सकती हैं। टोल बढ़ने से बढ़ा संचालन खर्च रोडवेज लखनऊ परिक्षेत्र के क्षेत्रीय प्रबंधक अमरनाथ सहाय ने बताया कि 1 अप्रैल से टोल प्लाजा पर नई दरें लागू हो चुकी हैं। इससे बस संचालन का खर्च बढ़ गया है, जिसे संतुलित करने के लिए किराये में संशोधन जरूरी हो गया है। उन्होंने बताया कि कई प्रमुख रूटों पर टोल शुल्क में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिसका सीधा असर बस सेवाओं पर पड़ेगा। इन टोल प्लाजा पर बढ़ी दरें लखनऊ और आसपास के रूटों पर चलने वाली बसों को जिन टोल प्लाजा से गुजरना पड़ता है, वहां नई दरें इस प्रकार लागू की गई हैं- अहमदपुर टोल: 385 से 420 रुपये शहावपुर (बाराबंकी-जरवल रोड): 140 से 150 रुपये बारा (लखनऊ-सुल्तानपुर): 375 से 405 रुपये ऐहार (रायबरेली-कानपुर): 215 से 235 रुपये दखिना शेखपुर (लखनऊ-रायबरेली): 410 से 445 रुपये इटौंजा (लखनऊ-सीतापुर): 195 से 310 रुपये नुरुद्दीन (रायबरेली-प्रतापगढ़): 290 से 320 रुपये इटौरा (रायबरेली-प्रयागराज): 290 से 315 रुपये नवाबगंज (लखनऊ-कानपुर): 330 से 360 रुपये यात्रियों पर पड़ेगा सीधा असर टोल दरों में बढ़ोतरी के चलते अब लखनऊ से कानपुर, रायबरेली, सीतापुर, सुल्तानपुर और प्रयागराज जैसे प्रमुख रूटों पर यात्रा करने वाले यात्रियों को ज्यादा किराया देना पड़ सकता है। रोडवेज अधिकारियों के मुताबिक, किराया बढ़ोतरी का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है और अंतिम मंजूरी के बाद इसे लागू कर दिया जाएगा। जल्द लागू हो सकती हैं नई दरें संकेत मिल रहे हैं कि रोडवेज प्रशासन जल्द ही नई किराया सूची जारी कर सकता है। ऐसे में आने वाले दिनों में बस यात्रियों को सफर के लिए पहले से ज्यादा खर्च करना पड़ेगा।
Source link
लखनऊ से चलने वाली रोडवेज बसों का किराया बढ़ेगा:एनएचएआई की नई टोल दरें लागू, रोडवेज ने किराया संशोधन का भेजा प्रस्ताव