लखनऊ में 7 होटल-रेस्टोरेंट की जांच, अवैध निर्माण मिला:एलडीए और फायर विभाग की संयुक्त टीम का अभियान, तीन होटल स्वीकृत नक्शा नहीं दिखा सके


लखनऊ में होटल और रेस्टोरेंट की अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत बुधवार को एलडीए और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने निराला नगर क्षेत्र में कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कुछ होटलों में स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण कार्य मिलने पर कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर गठित टीम ने दिल्ली में हाल ही में हुए होटल अग्निकांड के बाद शहर की बहुमंजिला इमारतों में सुरक्षा मानकों की पड़ताल शुरू की है। इसी क्रम में अपर सचिव सीपी त्रिपाठी के पर्यवेक्षण में प्रवर्तन जोन-4 के जोनल अधिकारी माधवेश कुमार और अग्निशमन अधिकारियों ने संयुक्त निरीक्षण किया। टीम ने होटल सैंडस्टोन, होटल रेग्नेंट, होटल गोल्डन ऑर्किड, होटल नेक्टर इन, रघुवीर पैलेस, कपूर्स डॉट इन और रेनबो गोल्ड इन की जांच की। निरीक्षण के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में स्वीकृत भवन मानचित्र के मुकाबले आंशिक विचलन पाया गया। ऐसे मामलों में होटल संचालकों और प्रबंधकों को नोटिस जारी किए जाएंगे। जांच के दौरान तीन होटल प्रबंधन मौके पर स्वीकृत भवन मानचित्र प्रस्तुत नहीं कर सके। टीम ने उन्हें तीन दिनों के भीतर स्वीकृत नक्शा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। एलडीए अधिकारियों के अनुसार निर्धारित समय में दस्तावेज प्रस्तुत न करने या नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *