![]()
लखनऊ में सोमवार सुबह मुख्यमंत्री आवास 5 कालिदास मार्ग के बाहर उस समय हड़कंप मच गया, जब सिटी बस सेवा से जुड़े चार संविदाकर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर आत्मदाह का प्रयास किया। कर्मचारियों ने कथित तौर पर अपने ऊपर मिट्टी का तेल छिड़क लिया, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने समय रहते उन्हें रोक लिया। जानकारी के अनुसार, आत्मदाह का प्रयास करने वालों में अभिषेक सिंह, ज्ञानेंद्र रावत, नितिन श्रीवास्तव और मुकेश यादव शामिल हैं। चारों सिटी बस सेवा के चालक बताए जा रहे हैं और लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। बताया जा रहा है कि दुबग्गा डिपो पर संविदाकर्मी कई दिनों से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका आरोप है कि चालक-परिचालकों का निजी कंपनी एसएस इंटरप्राइजेज में विलय किया जा रहा है, जिसका वे विरोध कर रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर सोमवार को चारों कर्मचारी मुख्यमंत्री आवास पहुंच गए और आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने कर्मचारियों को रोकते हुए तत्काल हिरासत में ले लिया। घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। पुलिस चारों कर्मचारियों को थाने ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। घटना के चलते मुख्यमंत्री आवास के आसपास कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source link
लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास के बाहर आत्मदाह की कोशिश:चार संविदाकर्मी हिरासत में; चार दिनों से कर रहे थे प्रदर्शन