रुदौली में 386 बाढ़ प्रभावित परिवारों को मिली राहत किट:विधायक ने पीड़ित परिवारों को अब तक 1020 किट वितरित कीं


अयोध्या जिले के रुदौली विधानसभा क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित करने का सिलसिला जारी है। शनिवार, 22 अगस्त को तहसील रुदौली के ग्राम पस्ता माफी स्थित बाढ़ चौकी पर इस सत्र में चौथी बार बाढ़ राहत सामग्री वितरण समारोह आयोजित किया गया। विधायक रामचंद्र यादव की उपस्थिति में क्षेत्र के 386 बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत किट प्रदान की गईं। विधायक ने वास्तविक परिवारों से कहा कि हर पीड़ित व्यक्ति को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार सभी बाढ़ पीड़ित परिवार के साथ है और हर संभव मदद की जा रही है। यह राहत सामग्री ग्राम अबूपुर के 71, सलाहपुर के 245, सुलेमपुर के 60 और पसैया सडरी के 10 परिवारों को दी गई। इस अवसर पर विधायक रामचंद्र यादव ने बताया कि रुदौली तहसील में अब तक कुल 1020 राहत किट वितरित की जा चुकी हैं। इनमें 8 अगस्त को 125, 19 अगस्त को 225, 20 अगस्त को 284 और 22 अगस्त को 386 राहत किट शामिल हैं। प्रशासन द्वारा वितरित राहत किट में आटा, चावल, दाल, आलू, प्याज, नमक, नहाने की बाल्टी और तिरपाल सहित कुल 26 आवश्यक सामग्री शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, बाढ़ प्रभावित परिवारों की जरूरतों को देखते हुए राहत सामग्री का वितरण लगातार जारी रहेगा। उप जिलाधिकारी रुदौली विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पशुओं के लिए भी भूसे की व्यवस्था की जा रही है। अब तक कुल 367.1 क्विंटल भूसा वितरित किया जा चुका है। इसमें 9 अगस्त को 158.3 क्विंटल और 21 अगस्त को 208.8 क्विंटल भूसा वितरित किया गया। तहसीलदार रुदौली विजय कुमार गुप्ता ने जानकारी दी कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे के आधार पर प्रभावित परिवारों को उनकी आवश्यकतानुसार राहत सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशासन का लक्ष्य है कि कोई भी बाढ़ प्रभावित परिवार आवश्यक सहायता से वंचित न रहे। राहत सामग्री वितरण के दौरान उप जिलाधिकारी विनोद कुमार गुप्ता, तहसीलदार विजय कुमार गुप्ता, ग्राम प्रशासक कैथी मांझा राम सदल, क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक अनिल यादव, लेखपाल नकछेद भारती और शहंशाह आलम सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *