रायबरेली में व्यक्ति का शव संदिग्ध हालत में मिला:खून से लथपथ था, सुबह शौच के लिए निकला था; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका


रायबरेली में एक 42 वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में एक बाग में मिला है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना गुरबक्श गंज थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित एक आम के बाग से संबंधित है। मृतक की पहचान अटौरा बुजुर्ग निवासी छेद्दू पासवान (42) के रूप में हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार, छेद्दू पासवान सुबह करीब 5 बजे शौच के लिए घर से निकले थे, लेकिन 8 बजे तक वापस नहीं लौटे। सुबह जब बच्चे अपने मवेशियों को चराने के लिए बाग में गए, तो उन्होंने छेद्दू पासवान का शव देखा और शोर मचाया। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस व परिजनों को सूचना दी।
परिजनों ने शव देखने के बाद छेद्दू पासवान की हत्या का आरोप लगाया है। उनके अनुसार, शव के पास खून के धब्बे मिले हैं और मृतक के कपड़ों पर भी खून लगा हुआ था। क्षेत्राधिकारी अमित सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटना की जानकारी मिलने के बाद कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या या आत्महत्या की गुत्थी सुलझ पाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *