यूपी पावर कॉरपोरेशन मुख्यालय ने जीती क्रिकेट चैंपियनशिप:पश्चिमांचल के पहलवानों का कुश्ती में दबदबा, 10 टीमों के 270 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम


पश्चिमाचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (पीवीवीएनएल) की मेजबानी में आयोजित 52वीं उत्तर प्रदेश पावर सेक्टर अंतर परियोजना/डिस्कॉम क्रिकेट एवं कुश्ती प्रतियोगिता का गुरुवार को समापन हो गया। पांच से आठ अक्तूबर तक चली प्रतियोगिता में ऊर्जा क्षेत्र की विभिन्न डिस्कॉम और परियोजनाओं की 10 टीमों के करीब 270 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। क्रिकेट में यूपी पावर कॉरपोरेशन मुख्यालय ने चैंपियनशिप अपने नाम की, जबकि कुश्ती में मेजबान पश्चिमांचल डिस्कॉम के पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब जीता। संचालन दिलमणि थपलियाल ने किया। क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला यूपी पावर कॉर्पोरेशन मुख्यालय और अनपरा परियोजना के बीच हुआ। अनपरा ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित पारी में 129 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुख्यालय की टीम ने शानदार बल्ले बाजी और टीमवर्क का प्रदर्शन करते हुए 18.3 ओवर में पांच विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। मुख्यालय ने मुकाबला पांच विकेट से जीतकर क्रिकेट चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम की। अनपरा परियोजना को उप विजेता का स्थान मिला। तीसरे और चौथे स्थान के मुकाबले में पूर्वांचल डिस्कॉम ने हरदुआगंज परियोजना को छह विकेट से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया। इन खिलाड़ियों ने जीते व्यक्तिगत खिताब
प्रतियोगिता में पूर्वांचल के ऋषिकेश यादव को बेस्ट बैट्समैन, हरदुआगंज के संजय यादव को बेस्ट बॉलर, पश्चिमांचल के जितेंद्र कुमार को बेस्ट फील्डर और यूपी पावर कॉरपोरेशन मुख्यालय के रवि प्रकाश को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। कुश्ती में पश्चिमांचल का दमखम
कुश्ती प्रतियोगिता छह अक्तूबर को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय स्थित दारा सिंह कुश्ती स्टेडियम में शुरु हुई। मेजबान पश्चिमांचल डिस्कॉम के पहलवानों ने 10 मुकाबलों में सात में जीत दर्ज करते हुए सर्वाधिक अंक हासिल किए और कुश्ती चैंपियनशिप ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। अनपरा परियोजना दूसरे और ओबरा परियोजना तीसरे स्थान पर रही। पश्चिमांचल के पहलवानों ने मुकाबलों में दमखम के साथ तकनीक, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में पश्चिमांचल, मध्यांचल और दक्षिणांचल डिस्कॉम के अलावा ओबरा, अनपरा और हरदुआगंज परियोजना समेत ऊर्जा क्षेत्र की टीमों ने हिस्सा लिया। तीन मैदानों पर हुआ मुकाबला
क्रिकेट के मुकाबले गांधी बाग क्रिकेट ग्राउंड और शर्मा नगर क्रिकेट मैदान में खेले गए। कुश्ती के मुकाबले दारा सिंह कुश्ती स्टेडियम में हुए। चार दिनों तक चले आयोजन में खिलाड़ियों ने क्रिकेट और कुश्ती के मैदान पर फिटनेस, तकनीक और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। आयोजन ने ऊर्जा क्षेत्र के कार्मिकों को खेल प्रतिभा दिखाने के साथ आपसी सौहार्द, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का अवसर भी दिया। खिलाड़ियों और आयोजन टीम को किया सम्मानित
समापन समारोह में निदेशक कार्मिक एवं प्रशासन आशु कालिया, निदेशक वाणिज्य संजय जैन, निदेशक वित्त स्वतंत्र कुमार तोमर, महाप्रबंधक लेखा अमित रोहिला और मुख्य अभियंता मोहम्मद सगीर समेत अधिकारियों ने विजेता, उपविजेता और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार और ट्रॉफियां प्रदान कीं। ऑफिशियल्स और वॉलंटियर्स का सम्मान
पश्चिमांचल डिस्कॉम की स्पोर्ट्स ऑफिसर और अर्जुन अवार्डी अलका तोमर ने प्रतियोगिता की रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए खिलाड़ियों, अधिकारियों और आयोजन से जुड़े कार्मिकों का आभार जताया। यूपीपीसीएल के वरिष्ठ क्रीड़ा अधिकारी विनय कुमार ने सफल आयोजन की सराहना करते हुए भविष्य में पावर सेक्टर के खेल आयोजनों को और व्यापक बनाने पर जोर दिया। रेफरी, ऑफिशियल्स और वॉलंटियर्स को भी उनकी भूमिका के लिए सम्मानित किया गया।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *