यमुना में डूबे अरमान का 32 घंटे बाद मिला शव:कुण्डौल क्षेत्र में नदी के बीचों बीच मिला, ताजमहल देखने गया था


12 वर्षीय अरमान का शव यमुना नदी में डूबने के 32 घंटे बाद बरामद कर लिया गया है। अरमान अपने दोस्तों के साथ ताजमहल देखने गया था और हाथ धोते समय उसका पैर फिसल गया था। उसका शव शनिवार शाम डौकी थाना क्षेत्र के कुंडौल में पीपा पुल से आगे तनौरा घाट पर यमुना नदी के बीच एक टापू पर मिला। शव मिलने की खबर से परिवार में शोक छा गया। एत्माद्दौला थाना क्षेत्र के प्रकाश नगर निवासी अरमान शुक्रवार सुबह अपने दोस्तों वाहिद, हसन और हसद के साथ ताजमहल देखने ग्यारह सीढ़ी गया था। शौच के बाद वह यमुना किनारे हाथ धोने गया, तभी अचानक पैर फिसलने से गहरे पानी में डूब गया। उसके दोस्त हसद ने उसे बचाने के लिए तुरंत नदी में छलांग लगाई, लेकिन वह अरमान को बचा नहीं सका और खुद तैरकर बाहर निकला। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों के साथ स्टीमर की मदद से अरमान की तलाश शुरू की। पुलिस और पीएसी की चार टीमें लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही थीं। परिजन भी करीब तीन किलोमीटर के दायरे में नदी किनारे डेरा डाले हुए थे, अरमान के सकुशल मिलने की उम्मीद कर रहे थे। शनिवार शाम करीब 7 बजे डौकी के कुंडौल क्षेत्र में पीपा पुल से तनौरा घाट पर नदी के बीच एक टापू पर स्थानीय लोगों ने अरमान का शव देखा। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को बरामद कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। अरमान की मां शकीना का रो-रोकर बुरा हाल है। ताऊ मुबारक अली ने बताया कि अरमान के तीन भाई मानसिक रूप से कमजोर हैं। परिवार पहले से ही कई मुश्किलों का सामना कर रहा था, और इस घटना ने उनकी परेशानियां और बढ़ा दी हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *