मैडम बेटी की हत्या हुई, अब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं:महिला आयोग में पिता ने की शिकायत, दो दिन में कार्रवाई के दिए निर्देश


राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान के सामने एक पिता ने अपनी बेटी की हत्या के मामले में पुलिस की निष्क्रियता पर शिकायत दर्ज कराई। पिता ने बताया कि उनकी बेटी की हत्या को दो महीने बीत चुके हैं और पोस्टमॉर्टम भी हो चुका है, लेकिन पुलिस ने अभी तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है। डॉ. चौहान ने मामले में मिशन शक्ति की नोडल डॉ.चारु द्विवेदी को दो दिन के भीतर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया। यह शिकायत चुर्क मोड़ स्थित सर्किट हाउस में महिला उत्पीड़न से संबंधित मामलों की सुनवाई के दौरान की गई। छपका निवासी कमलेश पुत्र राम स्वरूप ने आयोग को बताया कि उनकी 15 वर्षीय बेटी प्रमिला की हत्या 3 जनवरी 2026 को हुई थी।दोपहर करीब 12 बजे जब वह घर पहुंचे, तो बेटी के गले में दुपट्टा बंधा हुआ था और उसे घर की बल्ली से बांधा गया था।उसके हाथ-पैर चौकी पर रखे हुए थे। कमलेश ने बताया कि घर में उनके और बेटी के अलावा कोई अन्य सदस्य नहीं था। उन्होंने पड़ोस के रहने वाले दीपक और शैलेश पर संदेह व्यक्त किया,जो उनकी बेटी के संपर्क में थे और कथित तौर पर उसका नाजायज फायदा उठा रहे थे। कमलेश का आरोप है कि इस हत्या में दीपक और शैलेश का हाथ है। मृतका का पोस्टमॉर्टम हो चुका है, फिर भी रॉबर्ट्सगंज थाना पुलिस ने अभी तक इन अभियुक्तों को गिरफ्तार नहीं किया है। इस घटना की सूचना सोनभद्र जनपद के जन शिकायत प्रकोष्ठ पर भी 14 जनवरी 2026 को दी गई थी,लेकिन इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसी सुनवाई के दौरान,रॉबर्ट्सगंज कोतवाली के पेटराही गांव निवासी राधेश्याम ने भी एक प्रार्थना पत्र के माध्यम से पड़ोसियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि पड़ोसियों ने उनकी पत्नी के साथ अश्लील हरकतें कीं और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। राधेश्याम ने बताया कि 21 दिसंबर की सुबह जब उनकी पत्नी घर पर थीं,तभी गांव के दो व्यक्ति वहां पहुंचे और उनकी पत्नी के साथ अश्लील शब्दों का प्रयोग करने लगे। जब उनकी पत्नी ने विरोध किया,तो दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और उनके साथ मारपीट भी की। पीड़ित ने महिला आयोग से मामले की जांच कराते हुए आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। सलखन गांव निवासी शबीना बानो अपने चंदौली के बरबसपुर निवासी भाई जावेद और भाभी वहीद्दुन के साथ पहुंची थी। बताया कि दो साल पहले ही उसकी शादी हुई है। उसे एक बेटा भी है। दहेज में सब कुछ दिया गया था, बावजूद पति उससे संतुष्ट नहीं है। महिला आयोग ने मामले में कार्रवाई करने के आदेश दिए।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *